नेहा ठाकुर ने पाल नौकायन में रजत , अली ने कांस्य हासिल किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Sep 2023 09:37 PM
नेहा ठाकुर ने पाल नौकायन में रजत , अली ने कांस्य हासिल किया
ऑडियो सुनें

निंगबो. सत्रह साल की भारतीय सेलर (पाल नाविक) नेहा ठाकुर ने एशियाई खेलों में रजत पदक हासिल किया जबकि इबाद अली ने कांस्य पदक जीता जिससे भारत ने मंगलवार को यहां सेलिंग (पाल नौकायन) में दो पदक हासिल किये. नेहा ने एशियाई खेलों के तीसरे दिन लड़कियों की डिंगी आईएलसीए-4 स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया. सेलिंग में पुरूषों के विंडसर्फर आरएस एक्स वर्ग में 52 के नेट स्कोर के साथ कांस्य पदक हासिल किया. इस स्पर्धा का स्वर्ण कोरिया के वोनवू चो जबकि रजत थाईलैंड के नत्थाफोंग फोनोफैराट ने रजत पदक हासिल किया.

अली को 14 रेस की स्पर्धा के दूसरे और तीसरे रेस को पूरा नहीं करने का खामियाजा भुगतना पड़ा. इससे उनके कुल 59 अंक में से सात अंक घटा दिये गये. वह रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी से 23 अंक पीछे रहे. इससे पहले ‘नेशनल सेलिंग स्कूल’ भोपाल की एक उभरती हुई खिलाड़ी नेहा का अभियान कुल 32 अंक के साथ खत्म हुआ. उनका नेट स्कोर हालांकि 27 अंक रहा जिससे वह थाईलैंड की स्वर्ण पदक विजेता नोपासोर्न खुनबूनजान के बाद दूसरे स्थान पर रहीं.

इस स्पर्धा का कांस्य सिंगापुर की कीरा मैरी कार्लाइल के नाम रहा, जिनका नेट स्कोर 28 था. पाल नौकायन (सेलिंग) में खिलाड़ियों के सबसे खराब स्कोर को पूरे रेस के स्कोर से घटाकर नेट स्कोर का आकलन किया जाता है. सबसे कम नेट स्कोर वाला खिलाड़ी विजेता बनता है. लड़कियों की डिंगी आईएलसीए-4 कुल 11 रेस की स्पर्धा थी. इसमें नेहा ने कुल 32 अंक हासिल किये. इस दौरान पांचवें रेस में उनका प्रदर्शन सबसे खराब रहा. इस रेस में नेहा को पांच अंक मिले थे. कुल 32 अंक में से इस पांच अंक को घटाकर उसका नेट स्कोर 27 अंक रहा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu