नेपाल के राष्ट्रपति ने भारतीय सेना के प्रमुख जनरल द्विवेदी को मानद उपाधि से सम्मानित किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Nov 2024 08:02 PM
नेपाल के राष्ट्रपति ने भारतीय सेना के प्रमुख जनरल द्विवेदी को मानद उपाधि से सम्मानित किया
ऑडियो सुनें

काठमांडू. नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने 1950 में शुरू हुई दशकों पुरानी परंपरा को जारी रखते हुए बृहस्पतिवार को भारतीय सेना के प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी को नेपाल सेना के जनरल की मानद रैंक से सम्मानित किया, जो दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाता है.

पांच-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे जनरल द्विवेदी अपने नेपाली समकक्ष जनरल अशोक सिगडेल के आमंत्रण पर पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा के लिए बुधवार को यहां पहुंचे. राष्ट्रपति पौडेल ने अपने आधिकारिक आवास शीतल निवास पर जनरल द्विवेदी को मानद उपाधि प्रदान की. अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले दिन में जनरल द्विवेदी ने यहां नेपाली सेना के मुख्यालय में जनरल सिगडेल से मुलाकात की और दोनों सेनाओं के बीच सहयोग से संबंधित मामलों पर चर्चा की.

उन्होंने काठमांडू के टुंडीखेल में सेना मंडप में बीर स्मारक (शहीद स्मारक) पर पुष्पचक्र अर्पित करके श्रद्धांजलि दी. सेना मुख्यालय में उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया गया. अपनी यात्रा के दौरान द्विवेदी काठमांडू के बाहरी इलाके शिवपुरी में ‘आर्मी स्टाफ कॉलेज’ का दौरा करेंगे. अधिकारियों ने बताया कि उनकी योजना विमान के जरिये पर्वतीय क्षेत्र का भ्रमण करने की भी है. जनरल द्विवेदी के साथ उनकी पत्नी और भारतीय सेना की ‘आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन’ की अध्यक्ष सुनीता द्विवेदी भी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu