मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल ‘फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024’ चुनी गईं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Oct 2024 09:13 PM
मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल ‘फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024’ चुनी गईं
ऑडियो सुनें

मुंबई. मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल को ‘फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024’ का ताज पहनाया गया है और वह ‘मिस वर्ल्ड’ सौंदर्य प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी. पोरवाल मध्य प्रदेश के उज्जैन में पली बढ़ी हैं. उन्हें बुधवार को आयोजित, सितारों से सजे कार्यक्रम में विजेता घोषित किया गया.

पोरवाल ने एक बयान में कहा, ”इस भावना को मैं बयां नहीं कर सकती और मैं अब भी उतनी ही हैरान और घबराई हुई हूं जितना मैं ताज पहनाए जाने से पहले महसूस कर रही थी. यह सपने जैसा लगता है लेकिन जब मैं अपने माता पिता के आंखों में खुशी देखती हूं तो मैं कृतज्ञता से भर जाती हूं. यात्रा अभी शुरू ही हुई है और मेरा सर्वश्रेष्ठ आना अभी बाकी है.” दादरा एवं नगर हवेली की रेखा पांडे और गुजरात की आयुषी ढोलकिया को क्रमश? पहली और दूसरी ‘रनर-अप’ घोषित किया गया.

इस कार्यक्रम में 30 राज्यों की विजेताओं ने भाग लिया, जो ‘मिस इंडिया’ के ताज के लिए फैशन, प्रतिभा और व्यक्तित्व आधारित कई दौर की प्रतिस्पर्धा से गुजरीं. प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सौंदर्य प्रतियोगिता के 60वें संस्करण में इन छह दशकों में युवा महिलाओं के जीवन में आए बदलाव का जश्न मनाया गया. यह प्रतियोगिता मनोरंजन, ग्लैमर और फैशन उद्योगों में अनगिनत सफल करियर के लिए एक ‘लांचपैड’ के रूप में कार्य करती रही है.

लोकप्रिय म्यूजिक ग्रुप ‘बैंड ऑफ बॉयज’ ने कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति दी. 1980 में विजेता रहीं पूर्व फेमिना मिस इंडिया संगीता बिजलानी, अभिनेता राघव जुयाल और गायत्री भारद्वाज ने भी मंच पर प्रस्तुति दी. सौंदर्य प्रतियोगिका के निर्णायक मंडल में बिजलानी, निकिता म्हैसलकर, अनीस बज्मी, नेहा धूपिया, बॉस्को मार्टिस और मधुर भंडारकर शामिल थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu