भुवनेश्वर/बालासोर/जाजपुर. कांग्रेस की छात्र शाखा ‘नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन आफ इंडिया’ (एनएसयूआई) की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष को 19 वर्षीय लड़की से यहां एक होटल में दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना 18 मार्च को हुई थी लेकिन छात्रा द्वारा रविवार को मंचेश्वर पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराने के बाद यह प्रकाश में आयी. उन्होंने बताया कि लड़की ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी उदित प्रधान ने उसके पेय पदार्थ में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया और उसके बाद होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया.
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने एनएसयूआई की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और कहा कि कांग्रेस की छात्र शाखा लैंगिक भेदभाव से जुड़े अन्याय के प्रति बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने की नीति रखती है. भुवनेश्वर-कटक पुलिस कमिश्नरेट के अतिरिक्त आयुक्त बिस्वरंजन सेनापति ने कहा, “छात्रा द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मंचेश्वर पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया.” उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग की छात्रा ने प्रधान पर यह भी आरोप लगाया कि उसने उसे कथित घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी.
अधिकारी के अनुसार छात्रा ने अपनी शिकायत में कहा, “प्रधान के प्रभाव के कारण मैं चुप रही. लेकिन अब जब महिलाओं की शिकायतों पर ध्यान दिया जा रहा है, तो मैंने हिम्मत जुटाकर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करायी.” एक अन्य अधिकारी ने बताया, “आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता के तहत दुष्कर्म और आपराधिक धमकी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.” हालांकि, प्रधान के समर्थकों ने गिरफ्तारी के विरोध में मंचेश्वर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया.
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने सोमवार को उपाध्यक्ष सश्मिता बेहरा की अध्यक्षता में छह सदस्यीय एक तथ्यान्वेशी दल का गठन किया, जो प्रधान के खिलाफ आरोपों की जांच करेगा. पार्टी की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह दल जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगा.
छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक समेत दो लोग हिरासत में
ओडिशा के बालासोर जिले में एक सरकारी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक समेत दो शिक्षकों को नौवीं कक्षा की छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. छात्रा के परिवार द्वारा शनिवार को शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद रविवार मध्य रात्रि को रायबनिया पुलिस थाने के र्किमयों ने आरोपियों को उनके घर से पकड़ लिया.
शिकायत के अनुसार, चारमार गांव स्थित स्कूल के गणित शिक्षक ने कई बार छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और घटना की जानकारी प्रधानाध्यापक को देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई. प्रभारी निरीक्षक लोपामुद्रा पांडा ने कहा, “शिक्षकों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.” उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है.
ओडिशा के जाजपुर में 15 साल की लड़की से सामूहिक बलात्कार, चार आरोपी हिरासत में
ओडिशा के जाजपुर जिले में 15 वर्षीय एक लड़की के साथ कथित रूप से उसके दो हॉकी कोच सहित चार लोगों ने बलात्कार किया. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि हालांकि यह घटना तीन जुलाई की शाम को हुई, लेकिन पीड़िता द्वारा सोमवार को जाजपुर टाउन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद यह मामला सामने आया.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जाजपुर नगर पुलिस ने घटना में कथित संलिप्तता के लिए दो हॉकी कोच सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है. शिकायत के अनुसार, नाबालिग पिछले दो वर्षों से जिला मुख्यालय शहर के जाजपुर हॉकी स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रही थी.
शिकायत में कहा गया है कि तीन जुलाई की शाम को जब लड़की घर जा रही थी तो उसके कोच और कोच के दो साथियों ने उसे सड़क से कथित तौर पर अगवा कर लिया और एक लॉज में ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न किया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अपराधियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर पीड़िता की हत्या करने की धमकी दी.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम की धारा छह (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता का बयान जिला अदालत में दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्यवाही जारी है. जाजपुर के पुलिस अधीक्षक यश प्रताप श्रीमल ने कहा, “घटना के संबंध में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है.”