नूंह हिंसाः आधी रात को तावडू में गोदाम में उपद्रवियों ने लगाई आग, 3 घंटे बाद पाया काबू

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 05 Aug 2023 03:22 PM
नूंह हिंसाः आधी रात को तावडू में गोदाम में उपद्रवियों ने लगाई आग, 3 घंटे बाद पाया काबू
ऑडियो सुनें

नूंह. हरियाणा के नूंह जिले में हिंसा के बाद नगर में एक बार फिर आगजनी की घटना सामने आई. शुक्रवार देर शाम उपद्रवियों ने एक कबाड़ गोदाम को आग के हवाले कर दिया. नूंह हिंसा के बाद नगर में आगजनी की यह चौथी वारदात है. इस बार एक प्लास्टिक दाने के कबाड़ गोदाम को निशाना बनाया गया है. शुक्रवार देर शाम आग लगने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद से करीब तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया. गोदाम के नजदीक ही एक सीएनजी फ्यूल पंप था. गनीमत रही कि आग की लपटें पंप तक नहीं पहुंचीय नहीं तो और बड़ा हादसा हो सकता था.

कबाड़ मालिक हसनु ने बताया कि शाम के समय में गोदाम के नजदीक गांव ढिडारा में घर पर खाना खाने के लिए गया था. थोड़ी देर बाद कबाड़ में आग लगने की सूचना मिली तो मौके पर पहुंच देखा कि पूरा गोदाम आग की लपटों था. सूचना मिलने पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंच गई. आग को बढ़ता देख भिवाड़ी और नूंह से भी चार फायर ब्रिगेड बुलाई गई. करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है.

पीड़ित हसन ने बताया कि लगभग 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि आग लगाई गई है. जल्द पुलिस को शिकायत देंगे. माना जा रहा है कि नूंह हिंसा के बाद सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने वाले उपद्रवियों ने यह आग लगाई है. तावडू में अब तक आगजनी की चार वारदातें सामने आ चुकी है. बता दें कि 31 जुलाई को नूंह में शोभायात्रा के दौरान सांप्रदायिक हिंसा छिड़ गई थी. इसके बाद तावडू में आगजनी की घटनाएं हुई. सबसे पहले, एक चाय के खोखे को उपद्रवियों ने आग के हवाले किया था और उसी दिन एक मोटरसाइकिल को जलाया गया. बाद दो मस्जिदों में आगजनी की खबरें सामने आई तो शुक्रवार देर शाम समुदाय विशेष के व्यक्ति के कबाड़े गोदाम को आग के हवाले कर दिया गया. सुबह एडीजीपी ममता सिंह मौके पर निरीक्षण करने पहुंची थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav