ओडिशा: राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकराने से आठ लोगों की मौत, मुआवजे का ऐलान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 01 Dec 2023 09:32 PM
ओडिशा: राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकराने से आठ लोगों की मौत, मुआवजे का ऐलान
ऑडियो सुनें

क्योंझर/भुवनेश्वर. ओडिशा के क्योंझर जिले में शुक्रवार को तड़के एक वाहन के, सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा जाने से तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई तथा आठ अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि ये मौतें ‘शून्य मृत्यु सप्ताह’ पहल के पहले दिन हुईं.

यह पहल राज्य सरकार द्वारा र्सिदयों की शुरुआत में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को कम करने के उद्देश्य से मनाया जाता है. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना घाटागांव इलाके में बालीजोडी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर उस वक्त हुई, जब वाहन में सवार लोग एक मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे.

उन्होंने बताया कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा. अधिकारी ने बताया कि घायलों में से पांच लोगों का इलाज क्योंझर जिला मुख्यालय अस्पताल में चल रहा है, जबकि तीन अन्य की हालत बिगड़ने पर उन्हें कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है.

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना पर दुख व्यक्त किया और घोषणा की कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. पटनायक ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों के लिए मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.

पुलिस ने बताया कि गंजाम जिले के पुडामारी गांव से कुल 20 लोग त्रारिणी देवी के दर्शन के लिए मंदिर जा रहे थे. मंदिर से तीन किलोमीटर की दूरी पर यह दुर्घटना हुई. पुलिस को संदेह है कि वाहन चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, ओडिशा के 5टी (परिवर्तन पहल) और नबीन (नए) ओडिशा कार्यक्रम के अध्यक्ष वी. के. पांडियन ने समन्वय की सुविधा और पीड़ितों की मदद के लिए क्योंझर और गंजाम के जिलाधिकारियों से भी बात की.
***

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu