ओडिशा: राज्यपाल को अधिसूचना सौंपी गई, सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Jun 2024 08:05 PM
ओडिशा: राज्यपाल को अधिसूचना सौंपी गई, सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू

ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. ओडिशा में चुनाव अधिकारियों ने राजभवन में राज्यपाल रघुबर दास को चुनाव परिणाम की राजपत्र अधिसूचना सौंप दी जिसके बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को शुरू हो गई. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) निकुंज बिहारी धाल ने राज्यपाल को राजपत्र अधिसूचना सौंपी. अधिकारी ने बताया कि अधिसूचना अगली विधानसभा के नए सदस्यों के चुना चुने जाने को लेकर है और इससे सदन के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा. राज्यपाल सचिवालय ने राज्य संसदीय विभाग को इसकी सूचना दे दी है. सीईओ के साथ निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधि और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थे.

अधिकारी ने बताया कि नवनिर्वाचित विधायकों के संबंध में आयोग की अधिसूचना और ओडिशा की राजपत्र अधिसूचना राज्यपाल को सौंपी गई है. राज्यपाल ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और राज्य की समस्त चुनाव मशीनरी को बधाई दी.

राज्य में हाल में हुए चुनाव में बीजू जनता दल (बीजद) की हार हुई है जिसके बाद नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और इस तरह उनके 24 साल के शासन का अंत हो गया. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 147 सदस्यीय विधानसभा में 78 सीट जीत कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है जबकि बीजद को 51 और कांग्रेस को 14 सीट मिली हैं. वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का एक और तीन निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं.

By Yogesh Kumar Sahu