बेमेतरा में कार ने मालवाहक वाहन को टक्कर मारी, एक की मौत, सात घायल

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 27 Oct 2025 09:25 PM
बेमेतरा में कार ने मालवाहक वाहन को टक्कर मारी, एक की मौत, सात घायल
ऑडियो सुनें

बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा शहर में तेज रफ्तार एसयूवी ने एक मालवाहक गाड़ी को टक्कर मार दी जिससे एक आदमी की मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा रविवार रात सिटी कोतवाली पुलिस थाना इलाके के ंिसघौरी वार्ड में हुआ।

उन्होंने बताया कि बोरिया-बगोद गांव के करीब 17 लोग बेमेतरा के पास बैजलपुर गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मालवाहक वाहन में सवार होकर लौट रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि जब वे रास्ते में थे तभी एक एसयूवी कार ने उनके वाहन को पीछे से टक्कर मार दी जिससे कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि उनमें से जीवन साहू (27) की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई और घायलों को इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया और बाद में उसकी कार यहां उसके घर के बाहर खड़ी मिली।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी वाहन चालक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है और उसके पिता बलमीत ंिसह सलूजा, जो एक व्यवसायी हैं, से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है तथा जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी कार चालक के घर में और कार एवं मोटरसाइकिल समेत वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। लोगों की भीड़ स्थानीय पुलिस थाने के बाहर भी जमा हो गई और उसने नारे लगाए। उन्होंने अधिकारियों पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।

बाद में प्रदर्शनकारियों ने युवक का शव राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रख दिया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों ने मंगलवार को शहर में बंद का भी आह्वान किया है।

बेमेतरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने कहा कि इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपी कार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital