सीमा पर तनाव के बीच उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट, वाराणसी में प्रमुख स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 09 May 2025 12:56 PM
सीमा पर तनाव के बीच उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट, वाराणसी में प्रमुख स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
ऑडियो सुनें

भारत-पाकिस्तान के बीच बनी तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। बाबा विश्वनाथ की नगरी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रात भर पुलिस गश्ती दल शहर में फेरे लगा रही है। उत्तर प्रदेश में सीमा पर तनाव और गोलीबारी के कारण रेड अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह से मुस्तैद हैं, और काशी विश्वनाथ मंदिर, गोदौलिया, कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज, सिटी स्टेशन, और गोलगड्डा सहित पूरे क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही है।

अभ्यास का उद्देश्य सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और समन्वय का मूल्यांकन करना था

उत्तर प्रदेश में ऑपरेशन सिंदूर के बाद हाई अलर्ट घोषित किया गया था। राज्य के कई जिलों में मॉक ड्रिल भी हुई थी, जिसमें एयर रेड सायरन, ब्लैकआउट, आपातकालीन प्रतिक्रिया की तैयारियों का परीक्षण किया गया था। इस अभ्यास का उद्देश्य सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और समन्वय का मूल्यांकन था।

लखनऊ में आयोजित मॉक ड्रिल का जायजा लेने खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे थे

लखनऊ में आयोजित मॉक ड्रिल का जायजा लेने खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे थे। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी थी। लिखा- लखनऊ में आयोजित मॉक ड्रिल का अवलोकन किया। एक नागरिक के रूप में हमें अपने कर्तव्यों को समझना होगा और पूरी मजबूती के साथ अपनी सेनाओं के साथ खड़ा होना होगा, जिनका लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है।

मध्य वायु कमान की ओर से बुधवार को सभी एयरबेस की तैयारियों की समीक्षा की गई थी

ऑपरेशन सिंदूर के बाद ही उत्तर प्रदेश में मध्य वायु कमान के बीकेटी (लखनऊ स्थित बक्शी का तालाब) समेत 7 एयरफोर्स स्टेशन हाई अलर्ट पर हैं। यहां लड़ाकू विमान, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, ड्रोन स्टैंडबाय पर हैं। सुरक्षा कारणों से इन एयरबेस की तैयारियों की समीक्षा की गई है। मध्य वायु कमान की ओर से बुधवार को सभी एयरबेस की तैयारियों की समीक्षा की गई थी। इसमें बीकेटी (लखनऊ), सरसावा (सहारनपुर), हिंडन (गाजियाबाद), चकेरी (कानपुर), आगरा, प्रयागराज और गोरखपुर शामिल हैं।(इनपुट-आईएएनएस)

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news