‘आपरेशन सिंदूर’ : तेंदुलकर समेत खिलाड़ियों ने भारत की कार्रवाई की सराहना की

फिल्मी हस्तियों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की

नयी दिल्ली. पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिये भारतीय सेना के ‘आपरेशन सिंदूर’ की भारतीय खेल जगत ने सराहना की है और चैम्पियन क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने तो कहा ,”एकता में निडर, शक्ति में असीम.” भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल है. यह कार्रवाई पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में की गई जिसमें 26 लोग मारे गए थे और अधिकांश पर्यटक थे.

तेंदुलकर ने ‘एक्स ‘ पर लिखा ,” एकता में निडर, शक्ति में असीम . भारत की ढाल उसके लोग हैं . दुनिया में आतंकवाद के लिये कोई जगह नहीं है . हम एक टीम हैं . जय हिंद .” पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने लिखा ,” अगर कोई आप पर पत्थर फेंके तो उस पर फूल फेंको लेकिन गमले के साथ . जय हिंद .” भारत की 2011 वनडे विश्व कप जीत के नायक युवराज सिंह ने लिखा ,” हमारे देश की ताकत इसके लोगों की एकता और सही की रक्षा करने के हमारे संकल्प में है . हम एक देश ही नहीं बल्कि एक टीम के रूप में हर उस ताकत के खिलाफ साथ है जो अमन के लिये खतरा है . समरसता चाहने वाले विश्व में आतंकवाद के लिये कोई जगह नहीं हो सकती .” पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने लिखा ,” भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की .” पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने कहा ,” जय हिंद .”

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच और भाजपा के पूर्व सांसद गौतम गंभीर ने आपरेशन सिंदूर तस्वीर के साथ लिखा ,’ जय हिंद .’ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आपरेशन सिंदूर की तस्वीर के साथ लिखा ,” भारतीय सशस्त्र बल ने प्रतिकूलता को सशक्त फतेह में बदल दिया . भारतीय सेना के शौर्य और साहस ने हम सभी को गौरवान्वित किया है .” पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने भी भारत की कड़ी प्रतिक्रिया की सोशल मीडिया पर सराहना की. ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह और पहलवान योगेश्वर दत्त ने भी इसकी सराहना की .

विजेंदर ने लिखा ,” भारत माता की जय .” योगेश्वर ने लिखा ,” आतंकवाद अब बर्दाश्त नहीं करेगा भारत . जय हिंद, जय जवान .” शतरंज खिलाड़ी विदित गुजराती ने लिखा ,” मुझे खुशी है कि भयानक पहलगाम हमले के बाद भारत ने आपरेशन सिंदूर के जरिये माकूल जवाब दिया . आतंकवाद का जवाब दिया ही जाना चाहिये . आपरेशन का कितना सुंदर नाम . भारत माता की जय .” भारतीय हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने लिखा, ”तिरंगा झुकता नहीं है और जो हमारे संकल्प की परीक्षा लेंगे, वे हमारी आग का सामना करेंगे. ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ जवाब नहीं है, इससे याद दिलाया गया है कि हम क्या हैं. हम कहां खड़े हैं. अपने सैनिकों को सलाम करता हूं. जय हिंद.” भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और पूर्व फर्राटा धाविका पीटी उषा ने लिखा, ”भारत में और दुनिया में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है. ”

पूर्व विश्व चैंपियन महिला मुक्केबाज निकहत जरीन ने लिखा, ”हमारे फौजी धमकी नहीं देते, कार्रवाई करते हैं. आपरेशन सिंदूर उन वीरों का प्रमाण है जो केवल साहस की भाषा बोलते हैं. ” पूर्व पहलवान और कांग्रेस नेता विनेश फोगाट ने कहा कि वह सशस्त्र बलों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रही हैं.

उन्होंने लिखा, ”भारतीय सेना अपनी जान की बाजी लगाकर देश पर हुए आतंकी हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रही है. भारत मां की रक्षा और हम सब की सुरक्षा और शांति के लिए इस लड़ाई में आपके जज्बे और बहादुरी को मैं सलाम करती हूं. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वह हर कदम पर आपकी रक्षा करे और आपको जल्द ही विजय प्रदान करें.” पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर झूलन गोस्वामी ने लिखा, ”सटीकता. उद्देश्य. ताकत. भारत इसी तरह जवाब देता है.” भाषा मोना सुधीर नमिता

फिल्मी हस्तियों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की

अभिनेता रजनीकांत, अक्षय कुमार, अजय देवगन अल्लू अर्जुन, अभिनेत्री कंगना रनौत समेत कई फिल्मी हस्तियों ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में मंगलवार देर रात भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई की सराहना की है. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए बर्बर आतंकवादी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी.

भारतीय सेना ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया. इनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है. दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा की.

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “योद्धा की जंग शुरू…जब तक मिशन पूरा नहीं हो जाए, रुकना नहीं है. पूरा देश आपके साथ है प्रधानमंत्री, गृहमंत्री ऑपरेशन सिंदूर …जय हिंद.” अभिनेता अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा की जिस पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लिखा नजर आ रहा है. अभिनेता ने इसे साझा करते हुए लिखा, ” जय हिंद. जय महाकाल.” अजय देवगन ने कहा, “हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और हमारी भारतीय सेना को सलाम करता हूं. जय हिंद!” मलयालम सुपरस्टार ममूटी ने भी भारतीय सशस्त्र बलों को सलामी दी.

उन्होंने एक्स पर लिखा, “हमारे असली नायकों को सलाम! ऑपरेशन सिंदूर ने फिर साबित कर दिया…, जब देश पुकारता है तो भारतीय सेना जवाब देती है. जीवन बचाने और उम्मीद जगाने के लिए धन्यवाद. आप पर देश को गर्व है. जय हिंद!” मंडी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत ने आतंकवाद को ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ के सरकार के रुख को दोहराया.
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ” जो हमारी रक्षा करते हैं, भगवान उनकी रक्षा करें. हमारे सुरक्षाबलों की सुरक्षा और सफलता की कामना करती हूं. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ .

अभिनेता अल्लू अर्जुन ने लिखा, ” न्याय मिले. जय हिंद. ऑपरेशन सिन्दूर.” आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने राष्ट्रवादी कवि रामधारी सिंह दिनकर की हिंदी कविता “परशुराम की प्रतीक्षा” की कुछ पंक्तियां उद्धृत कीं. उन्होंने लिखा, ”वीरता जहां पर नहीं, पुण्य का क्षय है. वीरता जहां पर नहीं, स्वार्थ की जय है.” सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए उसी पोस्ट में कल्याण ने बताया कि भारत ने किस प्रकार “दशकों तक सहिष्णुता” का परिचय दिया.

उन्होंने लिखा, “तीनों सेनाओं के वीर नेतृत्व को हृदय से धन्यवाद जिन्होंने बहुत कष्ट सहकर मौन बैठे सम्पूर्ण भारत को “ऑपरेशन सिंदूर” के माध्यम से पुन? वीरता की भावना से भर दिया तथा उनके साथ मजबूती से खड़े रहने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को भी हृदय से धन्यवाद…!! हम सदैव आपके साथ हैं. जय हिंद!! प्रकाश राज ने कहा, “हमारे भारतीय सशस्त्र बलों को सलाम.. भारत कभी भी आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा.. जय हिंद.” रवीना टंडन ने कहा कि भारत हमेशा शांति के पक्ष में रहा है.

उन्होंने लिखा, “फिर भी, दशकों से हम शत्रुतापूर्ण ताकतों द्वारा प्रायोजित छद्म युद्ध का सामना कर रहे हैं जिसमें अनगिनत निर्दोष लोगों की जान चली गई… दुनिया को अब आतंक की फै्ट्रिरयों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. भारत की कार्रवाई सुविचारित, रक्षात्मक है, जो नागरिकों को नहीं केवल आतंकी खतरों को खत्म करने पर केंद्रित है. हमारे सैनिकों और हमारे लोगों ने अपार धैर्य और साहस दिखाया है.” काजोल ने कहा, “हमारे सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करती हूं.” सुनील शेट्टी ने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा कि दुनिया में आतंकवाद की कोई जगह नहीं है. उन्होंने लिखा ”आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाशत नहीं करेंगे. पूर्ण न्याय. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ .” अभिनेता सिद्धार्थ मलहोत्रा ने ‘इंस्टाग्राम’ स्टोरी पर लिखा, “आतंकवाद कतई बर्दाश्त नहीं. जय हिंद की सेना.” विक्की कौशल ने भारतीय ध्वज की एक तस्वीर साझा की और इसे कैप्शन दिया, “जय हिंद, जय सेना, ऑपरेशन सिंदूर.”

पृथ्वीराज सुकुमारन ने कहा कि आतंकवाद को कहीं भी, किसी भी रूप में रहने का कोई अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा, “हमारे सशस्त्र बलों को सलाम. जय हिंद.” फिल्मकार शेखर कपूर ने कहा कि भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले का जवाब जिम्मेदारी से और आत्मविश्वास के साथ दिया है.

अभिनेता रितेश देशमुख ने लिखा, ” जय हिंद की सेनाङ्घ भारत माता की जय.” फिल्मकार मधुर भंडारकर ने लिखा, ” हमारी प्रार्थनाएं सेना के साथ हैं. देश एकजुट है. जय हिंद, वंदे मातरम.” अभिनेत्री निमरत कौर ने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ”हम अपनी सेना के साथ हैं. एक देश, एक मिशन. जय हिंद.” निमरत कौर के पिता सेना में अधिकारी थे और उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था. अभिनेता अनुपम खेर ने ऑपरेशन सिंदूर की पोस्ट साझा की और लिखा, ” भारत माता की जय.” पॉडकास्टर और इन्फ्लुएंसर रणवीर इलाहाबादिया ने ‘इंस्टाग्राम’ के माध्यम से कहा कि हमारे सशस्त्र बलों की बदौलत न्याय हुआ है. अपने पोस्ट में इलाहाबादिया ने यह भी कहा कि एक आम पाकिस्तानी भारत का दुश्मन नहीं है.

उन्होंने कहा, “यह पाकिस्तानी आतंकवादी हैं और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पाकिस्तानी सेना के आला अधिकारी और आईएसआई के लोग इसमें शामिल है.” पाकिस्तानी नागरिकता छोड़ भारतीय नागरिकता हासिल करने वाले गायक अदनान सामी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ” जय हिंद. ऑपरेशन सिंदूर.” गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 29 अप्रैल को शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में सेना को खुली छूट दी थी ताकि वह पहलगाम आतंकवादी हमले का जवाब देने के लिए स्थान, समय और तरीका खुद तय कर सकें.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button