‘बांटो, राज करो और मूर्ख बनाओ’ की राजनीति कर रहा है विपक्ष : शिवसेना सांसद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jul 2024 07:50 PM
‘बांटो, राज करो और मूर्ख बनाओ’ की राजनीति कर रहा है विपक्ष : शिवसेना सांसद
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. शिवसेना के सांसद नरेश गणपत म्हास्के ने सोमवार को कांग्रेस नीत विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि वे अंग्रेजों से भी आगे जाकर ‘बांटो, राज करो और मूर्ख बनाओ’ की राजनीति कर रहे हैं. लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए महाराष्ट्र के ठाणे से सांसद म्हास्के ने कहा कि अंग्रेज तो ‘बांटो और राज करो’ की राजनीति करते थे लेकिन विपक्ष उनसे आगे बढ़कर ‘बांटो, राज करो और मूर्ख बनाओ’ की राजनीति कर रहा है.

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के एक परिवार को ही पूरा देश मान लिया है. भाजपा के राजू बिस्ता ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि पहली बार बजट में चाय बागान की बात हुई है जिसके लिए उत्तर बंगाल और असम की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दे रही है. उन्होंने पश्चिम बंगाल में अनेक क्षेत्रों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया.

विपक्ष केवल ‘नकारात्मक’ राजनीति कर रहा, बजट में देश के विकास की राह प्रशस्त: भाजपा सांसद

कांग्रेस समेत विपक्ष पर ”केवल नकारात्मक और छल कपट की राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय बजट में अवसंरचना के लिए किए गए प्रावधान ने देश के विकास की राह को प्रशस्त किया है. लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए शर्मा ने कहा कि यह बजट 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का बजट है.

उन्होंने सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण का जिक्र करते हुए कहा, ”विपक्ष केवल नकारात्मक, झूठ और छल-कपट की राजनीति कर रहा है.” शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में युवाओं और किसानों के लिए विकास के अनेक काम हुए हैं. उन्होंने बजट में मध्य प्रदेश के लिए 97,907 करोड़ रुपये के आवंटन का जिक्र करते हुए कहा कि यह राशि पिछले बजट की तुलना में 11 हजार करोड़ रुपये अधिक है.

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ”दिल में मध्य प्रदेश बसता है” और इसलिए राज्य की जनता ने हाल में लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री की विजय के लिए मतदान किया और सभी 29 सीटों पर भाजपा को जीत मिली. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर शुरू हुई प्रत्यक्ष धनांतरण (डीबीटी) योजना से गरीबों को लाभ मिला है. उन्होंने कहा कि बजट में युवाओं के लिए दो लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. शर्मा ने कहा, ”बजट में अवसंरचना के लिए आवंटन ने देश के विकास की राह को प्रशस्त किया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu