विपक्षी सांसदों ने एसआईआर के खिलाफ संसद परिसर में प्रदर्शन किया

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 02 Dec 2025 12:16 PM
विपक्षी सांसदों ने एसआईआर के खिलाफ संसद परिसर में प्रदर्शन किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के घटक दलों के सांसदों ने शीतकालीन सत्र के दौरान चुनाव सुधारों के विषय पर चर्चा की मांग और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करते हुए मंगलवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया।

इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, द्रमुक नेता टी आर बालू और कई अन्य विपक्षी सांसद शामिल हुए। प्रदर्शन कर रहे विपक्षी नेताओं ने ‘एसआईआर वापस लो’ के नारे लगाए।

विपक्षी सदस्यों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर सोमवार को लोकसभा में हंगामा किया था जिससे सदन की कार्यवाही बाधित हुई। विपक्षी दलों ने रविवार को सर्वदलीय बैठक और दोनों सदनों की कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठकों में यह मांग उठाई थी कि इस सत्र के दौरान मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत व्यापक चुनाव सुधारों पर चर्चा होनी चाहिए। संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार को शुरू हुआ और यह 19 दिसंबर को समाप्त होगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital