विपक्ष को राष्ट्रीय गौरव के मुद्दे पर दलगत राजनीति से ऊपर उठना चाहिए: राजनाथ सिंह

नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा पर लोकसभा में चर्चा के दौरान विपक्ष के प्रदर्शन की सोमवार को आलोचना की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गौरव और उपलब्धि से जुड़े इस मुद्दे पर विपक्ष को दलगत राजनीति से ऊपर उठना चाहिए था.

बिहार में निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई, जिसके कारण शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा से जुड़े विषय पर चर्चा पूरी नहीं हो सकी. सिंह ने ‘एक्स’ पर कहा, ”यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष ने सदन में हंगामा किया और सदन को चलने नहीं दिया.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह चर्चा ”भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम और विकसित भारत 2047 में इसकी भूमिका” विषय पर थी, जो राष्ट्रीय उपलब्धि और देश के सम्मान, स्वाभिमान और भविष्य की वैज्ञानिक और राष्ट्रीय सुरक्षा की संभावनाओं से जुड़ी हुई है.

सिंह ने कहा कि विपक्ष का आचरण बेहद निराशाजनक रहा है. उन्होंने कहा कि विपक्ष चर्चा में भाग लेकर भारत के अंतिरिक्ष कार्यक्रम की रचनात्मक समीक्षा, आलोचना व सुझाव दे सकता था. रक्षा मंत्री ने कहा कि अंतिरिक्ष जैसे विषय जो भारत की वैज्ञानिक और सामरिक दृष्टि से 21 वीं सदी के भविष्य में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, कम से कम उन्हें दलगत राजनीति से ऊपर रखना चाहिए. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष में विकास की जिन नयी ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है, वह अभूतपूर्व है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button