पाकिस्तान: सिंध में रॉकेट लॉन्चर के खोल में विस्फोट से नौ लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Sep 2023 05:45 PM
पाकिस्तान: सिंध में रॉकेट लॉन्चर के खोल में विस्फोट से नौ लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान के सिंध प्रांत में बुधवार को एक मकान में रॉकेट लॉन्चर के खोल में विस्फोट होने से पांच बच्चों सहित एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. कशमोर-कंधकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोहिल खोसा ने बताया कि मैदान में खेलते समय बच्चों को एक रॉकेट लॉन्चर का खोल मिल गया और वे उसे अपने घर ले आए. उन्होंने बताया कि घर में उसमें विस्फोट हो गया और पांच बच्चों और दो महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हो गई.

उन्होंने कहा कि विस्फोट में पांच अन्य लोग घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. एसएसपी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और इस संबंध में जांच जारी है तथा कंधकोट के सरकारी अस्पताल में ‘आपातकाल’ घोषित कर दिया गया है.

‘डॉन न्यूज’ की खबर के अनुसार, सिंध के मुख्यमंत्री मकबूल बकर ने प्रांतीय महानिरीक्षक से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है कि कशमोर जिले के कंधकोट तहसील के जांगी सुबजवाई गोथ गांव तक रॉकेट लॉन्चर कैसे पहुंचा. बकर ने इस घटना पर दुख जताते हुए महानिरीक्षक को ‘विस्तृत रिपोर्ट’ सौंपने का निर्देश दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu