पीसीबी ने आलोचना के बाद राष्ट्रीय टी-20 चैंपियनशिप में खिलाड़ियों की मैच फीस में किया संशोधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Mar 2025 07:14 PM
पीसीबी ने आलोचना के बाद राष्ट्रीय टी-20 चैंपियनशिप में खिलाड़ियों की मैच फीस में किया संशोधन
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने वेतन में कटौती के उसके फैसले की कड़ी आलोचना के बाद राष्ट्रीय टी-20 चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस में बृहस्पतिवार को वृद्धि कर दी. पीसीबी ने पहले खिलाड़ियों और रिजर्व खिलाड़ियों के लिए मैच फीस घटाकर 10,000 पाकिस्तानी रुपये और 5,000 रुपये कर दी थी, जिसके कारण इसके अध्यक्ष मोहसिन नकवी को इस फैसले की समीक्षा करने के आदेश जारी करने पड़े.

इस मामले में बड़े स्तर पर हुई आलोचना के बाद खुद को मुश्किल में पाकर पीसीबी ने अब खिलाड़ियों की मैच फीस बढ़ाकर 40,000 रुपये और रिजर्व खिलाड़ियों की मैच फीस 20,000 रुपये कर दी है. बोर्ड ने इससे पहले सिर्फ एक दिन के खेल के बाद राष्ट्रीय अंडर-19 चैंपियनशिप को अचानक रोक दिया था जिसके बाद से पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट कार्यक्रम और ढांचे को लेकर चर्चा हो रही है.

अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में अधिक उम्र के खिलाड़ियों के चयन और अन्य मुद्दों की शिकायतों के बाद नकवी के आदेश पर यह फैसला लिया गया. नयी प्रतिभाओं के लिए सबसे जरूरी मंच माने जाने वाले राष्ट्रीय जूनियर टूर्नामेंट का इस सत्र में आयोजन नहीं हो पाया है.
इस बीच घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं में कटौती करने की खबरें भी आई हैं. इसमें अनुबंधों को समाप्त करना और होटल तथा यात्रा जैसी चीजों में पहले के मुकाबले काफी कम खर्च करना शामिल है. पीसीबी सूत्रों का दावा है कि खर्चों में कटौती इस सत्र में घरेलू क्रिकेट में टूर्नामेंटों में बढ़ोतरी के कारण की गई है. इन टूर्नामेंटों को पहले बजट में शामिल नहीं किया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu