
कोलकाता. कलकत्ता उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर कर मुर्शिदाबाद जिले में छह दिसंबर को बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद के निर्माण की आधारशिला रखने की निलंबित तृणमूल कांग्रेस विधायक हुमायूं कबीर की योजना पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया है. याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल के भरतपुर के विधायक कबीर को बृहस्पतिवार को सत्तारूढ. तृणमूल कांग्रेस ने पार्टी से निलंबित कर दिया.
याचिकाकर्ता के वकील सब्यसाची चटर्जी ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष जनहित याचिका का उल्लेख किया, जिसमें प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम पर रोक लगाने के साथ-साथ किसी भी धार्मिक इमारत के निर्माण से संबंधित मामलों में राजनीतिक लोगों की भागीदारी पर भी रोक लगाने का आग्रह किया गया है.
चटर्जी ने कहा कि जनहित याचिका पर शुक्रवार को खंडपीठ द्वारा सुनवाई किए जाने की संभावना है. पिछले कुछ वर्षों में पार्टी के आंतरिक मामलों समेत विभिन्न मुद्दों पर विवादित बयान देकर चर्चा में रहे कबीर ने कहा था कि छह दिसंबर को बेलडांगा में मस्जिद की आधारशिला रखी जाएगी. छह दिसंबर 1992 को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बाबरी मस्जिद को ढहा दिया गया था.



