प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकियों को उनकी कल्पना से बड़ी सजा देने के वादे को पूरा किया: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 May 2025 08:00 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकियों को उनकी कल्पना से बड़ी सजा देने के वादे को पूरा किया: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल रहे आतंकवादियों को उनकी कल्पना से बड़ी सजा देने और उनके सुरक्षित ठिकानों को तबाह करने का अपना वादा पूरा किया है. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक संवादददाता सम्मेलन में कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान ने ”नौ आतंकी ठिकानों, 11 हवाई अड्डों, 100 से अधिक आतंकवादियों, 50 सैनिकों और अपने सम्मान को खो दिया है”.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने संकल्प लिया था कि भारत आतंकवादियों को उनके घरों में घुसकर मारेगा और आतंकी ठिकानों को नष्ट कर देगा. उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी के फैसले और हमारे सशस्त्र बलों के अदम्य साहस ने आतंकी ठिकानों को जमींदोज कर दिया है. यह मोदी का वादा था.” पात्रा ने कहा कि छह-सात मई की रात शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने अपने शत प्रतिशत लक्ष्यों को हासिल किया है.

उन्होंन इशारा किया कि प्रधानमंत्री ने पहलगाम हमले के बाद बिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए संकल्प जताया था कि 22 अप्रैल को इस हमले में 26 नागरिकों की जान लेने वाले आतंकवादियों और उनके आकाओं को उनकी कल्पना से बड़ी सजा दी जाएगी.
पात्रा ने कहा कि इस अभियान के तहत भारत ने जिस तरह की सैन्य और गैर-सैन्य कार्रवाई की है, वह अभूतपूर्व है और इसने आतंकवाद के खिलाफ उसके युद्ध में एक निर्णायक संदेश दिया है.

पात्रा ने दावा किया कि सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जैसे इस्लामिक देशों ने भी इसका समर्थन किया है और पाकिस्तान वैश्विक स्तर पर अलग-थलग पड़ गया है. उन्होंने कहा कि भारत ने दिखा दिया है कि पड़ोसी देश का कोई भी हिस्सा उसकी पहुंच से परे नहीं है.

भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनने के बाद दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के एक वर्ग द्वारा विदेश सचिव विक्रम मिसरी को सोशल मीडिया पर बुरी तरह ‘ट्रोल’ किए जाने के बारे में पूछे गए सवाल पर पात्रा ने कहा कि उनकी पार्टी इस अभियान से जुड़े सभी लोगों का सम्मान करती है, चाहे वे सशस्त्र बल हों या नौकरशाह. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एक साधन है, लेकिन यह देश के लिए अपनी कार्रवाई तय करने का आधार नहीं हो सकता. मिसरी को उन्हें तथा उनके परिवार के सदस्यों को ट्रोल द्वारा निशाना बनाए जाने के बाद अपने ‘एक्स’ अकाउंट को प्राइवेट करने के लिए मजबूर होना पड़ा.

पात्रा ने कहा कि भारत गर्व के साथ कह सकता है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने अपने लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा किया. उन्होंने सशस्त्र बलों की कार्रवाई के पीछे रही राष्ट्रीय एकता की भावना की सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत ने न केवल पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया, बल्कि पाकिस्तानी प्रतिक्रिया के जवाब में की गई उसकी कार्रवाई में पड़ोसी देश के 11 एयरबेस नष्ट कर दिए गए. उन्होंने दावा किया कि इनमें से एक हवाई अड्डे पर हुए हमले में 50 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए. उन्होंने कहा कि पहली बार किसी देश ने परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र के एयर बेस को नष्ट किया है.

भाजपा नेता ने कहा कि भारत और पाकिस्तान सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए एक समझौते पर पहुंचे हैं, लेकिन भविष्य में आतंकी हमलों की स्थिति में भारत इस समझौते को तोड़ने के लिए स्वतंत्र होगा. पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने जैसे अभूतपूर्व फैसले लिए हैं.

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारत से बहने वाले पानी पर पाकिस्तान इस कदर आश्रित है कि पड़ोसी देश की जीडीपी और खेती बर्बाद हो जाएगी. उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि किसी अन्य देश ने 23 मिनट की अवधि में आतंकवादियों और उनके ठिकानों को सटीक निशाना बनाकर हमले नहीं किए होंगे. पात्रा ने कहा, ”पहली बार भारत ने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में हमला किया जिसे देश का दिल माना जाता है और आतंकवादियों और उनके शिविरों को प्रभावी ढंग से नष्ट कर दिया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu