प्रधानमंत्री मोदी ने क्रेडिट-लिंक्ड सरकारी योजनाओं के लिए ‘जन समर्थ पोर्टल’ लॉन्च किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 06 Jun 2022 01:41 PM
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को एक महत्वपूर्ण सौगात दी है। जी हां, है। यह पोर्टल अलग-अलग योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा। यह सरकारी क्रेडिट योजनाओं को एक साथ पेश करने वाला डिजिटल पोर्टल है। यह अपने आप में पहला ऐसा पोर्टल होगा जो लोन लेने के इच्छुक लोगों को ऋणदाताओं से जोड़ेगा। पीएम ने वित्त मंत्रालय और कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय के आइकॉनिक वीक समारोह का उद्घाटन किया।

मंत्रालय छह से 11 जून तक आजादी का अमृत महोत्सव के तहत यह समारोह आयोजित कर रहा है। जन समर्थ पोर्टल का मुख्य उद्देश्य सभी योजनाओं को एक मंच पर लाकर उसका लाभ नागरिकों को देना है। इसके साथ ही सभी योजनाओं की पहुंच को डिजिटल माध्यमों से और आसान एवं सरल बनाना है। यह पोर्टल सभी लिंक्ड योजनाओं की कवरेज सुनिश्चित करता है। केंद्र सरकार की 4 लोन श्रेणियों में 13 योजनाएं जन समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध होंगी। खास बात यह है कि 125 से ज्यादा कर्जदाता इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

पीएम पोर्टल की खूबियां गिनाते हुए कहा कि अब युवा आसानी से यह तय कर पाएंगे कि उन्हें मुद्रा लोन चाहिए या स्टार्ट अप इंडिया लोन चाहिए। जन समर्थ पोर्टल के माध्यम से युवाओं को, मध्यम वर्ग को एंड-टु-एंड डिलिवरी का एक बड़ा प्लेटफॉर्म मिला है। जब लोन लेने में आसानी होगी, कम से कम प्रक्रियाएं होंगी तो स्वाभाविक है कि ज्यादा से ज्यादा लोग लोन लेने के लिए आगे आएंगे।

पीएम ने कहा कि ये पोर्टल स्वरोजगार को बढ़ाने, सरकार की योजनाओं को सभी लाभार्थियों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाने वाला है। उन्होंने कहा कि मैं बैंकिंग सेक्टर के सभी दिग्गजों से आग्रह करता हूं कि सारे बैंक जन समर्थ पोर्टल को सफल बनाने, युवाओं को लोन मिलना आसान बनाने के लिए भागीदारी बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी सुधार हो अगर उसका लक्ष्य स्पष्ट है, उसके क्रियान्वयन को लेकर गंभीरता है तो उसके अच्छे नतीजे भी आना तय है।

By Nandkishoryadav