प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा सरकार की ‘सुभद्रा’ योजना की शुरुआत की; परियोजनाओं का किया अनावरण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 17 Sep 2024 09:16 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा सरकार की ‘सुभद्रा’ योजना की शुरुआत की; परियोजनाओं का किया अनावरण

ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तीसरी सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर मंगलवार को राज्य में 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का अनावरण किया. प्रधानमंत्री ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओडिशा सरकार की महिला केंद्रित योजना ‘सुभद्रा’ की भी शुरुआत की और कहा कि राज्य के विकास के लिए महिलाओं का सशक्तीकरण महत्वपूर्ण होगा.

मोदी ने इस मौके पर 14 राज्यों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत करीब 10 लाख लाभार्थियों को सहायता की पहली किश्त जारी की, आवास योजना के 26 लाख लाभार्थियों के ‘गृह प्रवेश’ कार्यक्रमों में भी भाग लिया. मोदी ने पीएमएवाई-जी के तहत अतिरिक्त परिवारों के सर्वेक्षण के लिए ‘आवास प्लस 2024’ ऐप भी जारी किया. प्रधानमंत्री मोदी के 74वें जन्मदिन के मौके पर उनकी यह यात्रा 12 जून को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के शपथ-ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद उनकी पहली प्रदेश यात्रा है.

उन्होंने कहा, ”मुझे प्रसन्नता है कि ओडिशा सरकार ने महिलाओं के लिए सुभद्रा योजना की घोषणा करके बड़ा काम शुरू किया है. ओडिशा के विकास के लिए महिला सशक्तीकरण महत्वपूर्ण होगा.” प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में वो सबकुछ है जो एक विकसित राज्य के लिए जरूरी है. उन्होंने कहा, ”यहां युवाओं की प्रतिभा है, महिलाओं की शक्ति है, प्राकृतिक संसाधन हैं, उद्योगों के लिए अवसर हैं और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं.” गृह प्रवेश समारोहों में भागीदारी करते हुए मोदी ने भुवनेश्वर की साबार साही झुग्गी का दौरा किया और कुछ लाभार्थियों से बात की. प्रधानमंत्री ने वहां पीएमएवाई के तहत 20 लाभार्थियों के मकानों का उद्घाटन भी किया.

प्रधानमंत्री ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ आवास योजना के लाभार्थी अंतरयामी नायक के घर गए और उनके आवास पर तैयार पारंपरिक उड़िया मिठाई खीरी का स्वाद चखा. अपने जन्मदिन के अवसर पर भुवनेश्वर में एक आदिवासी परिवार द्वारा खीरी खिलाए जाने के बाद अपना अनुभव साझा करते हुए मोदी ने कहा, ”जब मेरी मां जीवित थीं, तो मैं अपने जन्मदिन पर उनके पास जाकर उनका आशीर्वाद लेता था. वह मुझे गुड़ देती थीं. आज मुझे एक आदिवासी मां का आशीर्वाद मिला, जिन्होंने मुझे खीरी दी. आदिवासियों की खुशी मुझे उनके लिए काम करने की ताकत देती है.” ओडिशा सरकार की सुभद्रा योजना को महिलाओं की आर्थिक सहायता का सबसे बड़ा कार्यक्रम बताया जा रहा है, जिससे एक करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने योजना शुरू करने के बाद 10 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में धन अंतरण की शुरुआत की. इस योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी के बैंक खाते में पांच साल तक हर साल 10,000 रुपये की राशि दो समान किश्तों में डाली जाएगी. इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा, ”हमने चुनाव से पहले जो वादे किए थे, उन्हें तेज गति से पूरा किया जा रहा है. हमने वादे के अनुसार ओडिशा में सत्ता में आने के बाद पुरी के जगन्नाथ मंदिर में रत्न भंडार को खोला.” मोदी ने कहा कि केंद्र में राजग की तीसरी सरकार के पहले 100 दिन में गरीबों, किसानों, युवाओं के विकास के लिए तथा महिला सशक्तीकरण के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं.

उन्होंने कहा कि इन 100 दिन में गरीबों के लिए तीन करोड़ पक्के मकान बनाने, युवाओं के लिए दो लाख करोड़ रुपये के प्रधानमंत्री पैकेज, मेडिकल कॉलेजों में 75,000 सीट बढ़ाने और 25,000 गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने का फैसला किया गया है. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले तीन महीने में सरकार ने आदिवासियों के लिए बजट आवंटन को लगभग दोगुना कर दिया है, लगभग 60,000 आदिवासी गांवों के विकास के लिए एक विशेष परियोजना की घोषणा की है, सरकारी कर्मचारियों के लिए एक नई पेंशन योजना शुरू की है और पेशेवरों, व्यापारियों और उद्यमियों के लिए आयकर कम किया है.

उन्होंने कहा कि इसके अलावा तिलहन और प्याज किसानों के लिए कई बड़े फैसले लिए गए हैं, भारतीय किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विदेशों में उत्पादित तेल पर आयात शुल्क बढ़ाया गया है, निर्यात को बढ़ावा देने के लिए बासमती चावल पर निर्यात शुल्क कम किया गया है और फसलों पर एमएसपी बढ़ाया गया है जिससे किसानों को लगभग 2 लाख करोड़ रुपये का लाभ हुआ है.

मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्ष में ओडिशा हमेशा केंद्र की प्राथमिकता में रहा है. उन्होंने कहा, ह्लओडिशा को अब 10 साल पहले की तुलना में केंद्र से तीन गुना धन मिलता है. ओडिशा के लोगों को अब आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा, जबकि 70 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों का 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज किया जाएगा, चाहे वे किसी भी आय वर्ग के हों.ह्व प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में रहने वाले दलित, वंचित और आदिवासी समुदाय के लोग गरीबी के खिलाफ अभियान के सबसे बड़े लाभार्थी हैं. उन्होंने कहा कि आदिवासियों के कल्याण के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया गया, समुदाय को उनके जल, जंगल और जमीन पर अधिकार दिया गया, ओडिशा की एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाया गया.

मोदी ने दावा किया कि ओडिशा में कई आदिवासी क्षेत्र और समूह कई पीढि.यों से विकास से वंचित थे. उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना जनजातियों में सबसे पिछड़े लोगों का समर्थन करेगी और ओडिशा में ऐसे 13 समुदायों की पहचान की गई है. प्रधानमंत्री ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों को सिकल सेल एनीमिया से मुक्त करने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीने में इस अभियान के तहत 13 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई है.

मोदी ने कहा कि राज्य के खनिज और प्राकृतिक संसाधन इसकी ताकत होने चाहिए. उन्होंने कहा, ह्लअगले 5 वर्ष में हमें ओडिशा की सड़क और रेल कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है.ह्व प्रधानमंत्री ने कहा कि पुरी से कोणार्क रेलवे लाइन और हाई-टेक ‘नमो भारत रैपिड रेल’ पर काम जल्द ही शुरू होगा और आधुनिक बुनियादी ढांचा ओडिशा के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu