प्रधानमंत्री मोदी ने सुब्रमण्यम भारती की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 11 Dec 2024 02:49 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने सुब्रमण्यम भारती की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को महान तमिल कवि और स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यम भारती की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि समानता तथा महिला सशक्तीकरण पर उनके प्रगतिशील आदर्श उतने ही प्रेरणादायक हैं, जितने देशभक्ति और क्रांति की ज्वाला प्रज्ज्वलित करने वाले उनके सशक्­त विचार रहे हैं।

सुब्रमण्यम भारती देश के महान कवियों में से एक थे। उन्होंने तमिल भाषा में काव्य रचनाएं कीं। उन्हें आधुनिक तमिल शैली का जनक माना जाता है और उन्हें ‘महाकवि भारथियार’ के नाम से भी जाना जाता है।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं महान सुब्रमण्यम भारती को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

एक दूरदर्शी कवि, लेखक, विचारक, स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक के रूप में उनके सशक्­त विचारों ने असंख्य लोगों में देशभक्ति और क्रांति की ज्वाला प्रज्ज्वलित की। समानता और महिला सशक्तीकरण पर उनके प्रगतिशील आदर्श भी उतने ही प्रेरणादायक हैं।’’ प्रधानमंत्री आज अपने आवास पर सुब्रमण्यम भारती की संपूर्ण रचनाओं का संग्रह भी जारी करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस प्रयास के लिए सीनी विश्वनाथन जी को बधाई देता हूं।’’ इन रचनाओं के 23 खंडों का संग्रह सीनी विश्वनाथन द्वारा संकलित और संपादित किया गया है। इसमें सुब्रमण्यम भारती के लिखे संस्करणों, व्याख्याओं, दस्तावेजों, पृष्ठभूमि की जानकारी और दार्शनिक प्रस्तुति आदि का विवरण शामिल है।

By navabharat digital