हरियाणा में हुई विकास और सुशासन की राजनीति की जीत: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Oct 2024 07:39 PM
हरियाणा में हुई विकास और सुशासन की राजनीति की जीत: प्रधानमंत्री मोदी

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को ‘विकास व सुशासन की राजनीति’ की जीत करार दिया और राज्य के लोगों को भरोसा दिया कि वे उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे.

भाजपा ने हरियाणा के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 48 सीट पर जीत दर्ज की. इससे पहले, भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनाव में 47 सीट जीतकर पहली बार अपने बूते हरियाणा में सरकार बनाई थी. साल 2019 के चुनाव में उसे 40 सीट मिली थी.

मोदी ने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में इस ‘महाविजय’ के लिए हरियाणा की जनता को नमन करते हुए कहा, ”यह विकास और सुशासन की राजनीति की जीत है. मैं यहां के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे.” उन्होंने इस जीत के लिए अथक परिश्रम और पूरे समर्पण भाव से काम करने वाले भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आपने ना केवल राज्य की जनता-जनार्दन की भरपूर सेवा की, बल्कि विकास के भाजपा के एजेंडे को भी उन तक पहुंचाया. उन्होंने कहा, ”इसी का नतीजा है कि भाजपा को हरियाणा में यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है.”

जम्मू-कश्मीर में भाजपा के प्रदर्शन पर गर्व, नेशनल कॉन्फ्रेंस को बधाई : प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन पर गर्व जताया और इस केंद्रशासित प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस को बधाई दी. मोदी ने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए जम्मू-कश्मीर के लोगों को भरोसा दिलाया कि वह इस क्षेत्र के कल्याण के लिए काम करते रहेंगे. जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था और इस गठबंधन को कुल 90 में से 48 सीट पर जीत मिली है. नेशनल कॉन्फ्रेंस को जहां 42 सीट पर सफलता मिली, वहीं कांग्रेस को छह सीट पर.

भाजपा ने जम्मू-कश्मीर में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 90 में से 29 सीट पर जीत हासिल की है. इससे पहले, साल 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 25 विधानसभा सीट जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था. मोदी ने कहा, ”मुझे जम्मू-कश्मीर में भाजपा के प्रदर्शन पर गर्व है. मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने हमारी पार्टी को वोट दिया है और हम पर अपना विश्वास जताया है. मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हम जम्मू-कश्मीर के कल्याण के लिए काम करते रहेंगे.” उन्होंने कहा, ”मैं जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में सराहनीय प्रदर्शन के लिए जेकेएनसी को बधाई देना चाहता हूं.” प्रधानमंत्री ने भाजपा के इस प्रदर्शन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम की भी सराहना की.

उन्होंने जम्मू-कश्मीर विधानसभा के इस चुनाव को ‘बेहद खास’ बताया, क्योंकि अनुच्छेद 370 और 35 (ए) को हटाने के बाद पहली बार यहां इसका आयोजन किया गया और इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया. उन्होंने कहा, ”यह लोकतंत्र में लोगों के विश्वास को दर्शाता है. मैं इसके लिए जम्मू-कश्मीर के एक-एक व्यक्ति को बहुत-बहुत बधाई देता हूं.”

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu