पन्ना में गरीब किसान को खान में मिला 11.88 कैरेट का हीरा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 May 2022 08:16 PM
पन्ना में गरीब किसान को खान में मिला 11.88 कैरेट का हीरा
ऑडियो सुनें

पन्ना. जिले में एक गरीब किसान को सरकार से पट्टे पर ली गई उथली खदान की खुदाई में 11.88 कैरेट का उज्जवल किस्म का हीरा मिला है. हीरा अधिकारी रवि पटेल ने बुधवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि प्रताप सिंह यादव को जिले के पट्टी इलाके में खुदाई के दौरान यह हीरा मिला है. उन्होंने बताया कि यादव सीमांत किसान है और मजदूरी भी करता है. उन्होंने बताया कि यह उज्जवल किस्म का हीरा है, जिसकी कीमत बाजार में ऊंची होती है.

पटेल ने बताया कि अगली हीरा नीलामी में इस हीरे को रखा जाएगा और नीलामी से मिलने वाली रकम का 12 प्रतिशत रॉयल्टी काटकर शेष राशि यादव को दे दी जाएगी. इस हीरे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से ऊपर आंकी जा रही है. यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं गरीब आदमी हूं. मेरी कृषि भूमि छोटी है. मैं मजदूरी भी करता हूं. मैं पिछले तीन महीनों से कड़ी मेहनत से इस खदान को खोद रहा था और भगवान ने मुझे यह हीरा दे दिया. उसे मैंने हीरा कार्यालय में जमा कर दिया है.’’ यादव ने कहा कि वह हीरे की नीलामी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल अपने लिए व्यवसाय खड़ा करने और बच्चों की शिक्षा पर करना चाहते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu