
कानपुर देहात. राष्ट्रपति रामनाथ कोंिवद ने शुक्रवार को अपने गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आपका उसी दिन कायल हो गया जिस दिन आपके द्वारा मुझे राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी देने की पहल की गई. राष्ट्रपति कोंिवद ने शुक्रवार को कानपुर देहात जिले के अपने पैतृक गांव परौंख में ‘मेरा गांव-मेरी धरोहर’ विषयक विशेष जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा,”मुझे प्रसन्नता है कि मेरे निमंत्रण पर प्रधानमंत्री जी मेरे पैतृक गांव पधारे. इसके लिए प्रधानमंत्री जी मैं अपनी ओर से और यहां एकत्रित सभी लोगों की ओर से आपका हार्दिक स्वागत करता हूं.”
राष्ट्रपति ने कहा, ”प्रधानमंत्री जी उत्तर प्रदेश तो हमारे लोकतंत्र की सर्वसमावेशी शक्ति के प्रति आपकी निष्ठा का उसी दिन कायल हो गया, जिस दिन इस राज्य के एक गरीब परिवार में जन्में मुझ जैसे व्यक्ति को राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी देने की पहल आपके द्वारा की गई.” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को सदैव इस बात की टीस रहती थी कि इस राज्य ने देश को नौ-नौ प्रधानमंत्री दिये लेकिन राष्ट्रपति एक बार भी नहीं.
राष्ट्रपति ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के लोगों को गर्व की अनुभूति होती है कि यहां के निवासी को पहली बार देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का उत्तरदायित्व प्रदान किया गया और इसका श्रेय प्रधानमंत्री जी आपको जाता है. उन्होंने कहा कि ”प्रधानमंत्री ने बाबा साहेब (भीमराव आंबेडकर)के आधुनिक भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है.” उन्होंने कहा कि ”प्रत्येक नागरिक के जीवन को सरल और सुखमय बनाने के लिए प्रधानमंत्री जी सतत प्रयत्नशील रहते हैं. उन्होंने भारत माता की सेवा को नये आयाम दिये हैं. उन्होंने राष्ट्र सेवा और जन कल्याण की अवधारणा को नयी सार्थकता प्रदान की है.”
पुरानी स्मृतियों को साझा करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘पचास-पचपन वर्ष पहले डॉ. राममनोहर लोहिया इस गांव में आए थे. मुझे याद है कि मेरी तरह गांव के लोगों ने पहली बार जीप देखी थी. अब आपके आने से इस गांव के लोग दुर्लभ घटना के साक्षी बन रहे हैं.” उन्होंने कहा कि मैं यहां आता हूं तो गांव की मिट्टी को माथे पर लगाता हूं. मातृशक्ति के लिए आदर का यह भाव प्रधानमंत्री जी के जीवन में भी देखा है.
उन्होंने कहा कि ”मैं जो कुछ हूं वह मातृभूमि के आशीर्वाद से संभव हो सका है. इस मिट्टी की ताकत है जिसने प्रधानमंत्री जी को यहा बुला लिया है.” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘परौंख की मिट्टी से राष्ट्रपति जी को जो संस्कार मिले हैं, उसकी साक्षी दुनिया बन रही है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज राष्ट्रपति ने गांव में पद द्वारा बनी सारी मर्यादाओं से बाहर निकलकर मुझे हैरान कर दिया, स्वयं हेलीपैड पर रिसीव करने आए.’’ मोदी ने कहा कि मैंने उनसे कहा कि ‘राष्ट्रपति जी आपने मेरे साथ अन्याय कर दिया तो उन्होंने सहज रूप से कहा कि संविधान की मर्यादाओं का पालन तो मैं करता हूं, लेकिन कभी-कभी संस्कार की अपनी ताकत होती है, आज आप मेरे गांव में आए हैं, मैं यहां पर अतिथि का सत्कार करने आया हूं.”
परौंख की मिटटी से राष्ट्रपति जी को जो संस्कार मिले, उसकी साक्षी बन रही दुनिया : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोंिवद और उनके पैतृक गांव ‘परौंख’ की सराहना करते हुए कहा कि ‘‘परौंख की मिट्टी से राष्ट्रपति को जो संस्कार मिले हैं, उसकी साक्षी दुनिया बन रही है.’’ मोदी ने राष्ट्रपति की मौजूदगी में कानपुर देहात जिले के उनके पैतृक गांव परौंख में आयोजित एक समारोह में अपने भावुकता भरे संबोधन में कहा, ‘‘आज राष्ट्रपति ने गांव में पद के द्वारा बनी सारी मर्यादाओं से बाहर निकलकर मुझे हैरान कर दिया, स्वयं हेलीपैड पर रिसीव (आगवानी) करने आए.’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं र्शिमंदगी महसूस कर रहा था कि उनके मार्गदर्शन में हम काम कर रहे हैं, उनके पद की एक गरिमा है, वरिष्ठता है.’’ मोदी ने कहा कि मैंने कहा कि ‘‘राष्ट्रपति जी आपने मेरे साथ अन्याय कर दिया तो उन्होंने सहज रूप से कहा कि संविधान की मर्यादाओं का पालन तो मैं करता हूं लेकिन कभी-कभी संस्कार की अपनी ताकत होती है, आज आप मेरे गांव में आए हैं, मैं यहां पर अतिथि का सत्कार करने आया हूं.” उन्होंने कहा, ‘‘अतिथि देवो भव का उत्तम उदाहरण राष्ट्रपति जी ने प्रस्तुत किया है.’’ गांव वासियों को नमस्कार करने के साथ ही अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति जी ने जब मुझे कहा था कि मुझे यहां आना है, तभी से मैं आकर गांव वालों से मिलने का इंतजार कर रहा था.
मोदी ने कहा कि आज यहां आकर वाकई मन को बड़ा सुकून मिला, बड़ा अच्छा लगा. इस गांव ने राष्ट्रपति जी का बचपन देखा है और भारत का गौरव बनते भी देखा है. प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां राष्ट्रपति जी ने गांव की कई यादें साझा की. मुझे पता चला कि पांचवीं के बाद उनका दाखिला पांच छह किलोमीटर दूर करा दिया गया था तो नंगे पांव स्कूल तक दौड़ते हुए जाते थे. उनके संघर्षों को मिसाल बताते हुए मोदी ने कहा कि यह दौड़ सेहत के लिए नहीं होती, यह दौड़ इसलिए होती कि गर्मी से तपती पगडंडी पर पैर कम जले.
मोदी ने कहा कि ”सोचिए, ऐसी ही तपती दोपहरी में पांचवीं में पढ़ने वाला कोई बालक नंगे पांव अपने स्कूल के लिए दौड़े जा रहा है, जीवन में ऐसा संघर्ष ऐसी तपस्या इंसान को इंसान बनने में बहुत मदद करती है, यह मेरे लिए जीवन की सुखद स्मृति की तरह है.” प्रधानमंत्री ने परौंख गांव के दौरे की चर्चा करते हुए कहा कि मैं राष्ट्रपति जी के साथ कई चीजों को देख रहा था तो मैंने परौंख गांव में आदर छवियों को महसूस किया. यहां सबसे पहले मुझे पथरी माता का आशीर्वाद लेने का अवसर मिला. यह मंदिर इस गांव, इस क्षेत्र की आध्यात्मिक आभा के साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत का प्रतीक है.
उन्होंने कहा कि ”मैं कह सकता हूं कि ऐसा मंदिर है जहां देव भक्ति भी है, देश भक्ति भी है! देश भक्ति इसलिए कह रहा हूं कि राष्ट्रपति जी के पिता जी की सोच और उनकी कल्पना शक्ति को प्रणाम करता हूं.” राष्ट्रपति के पिता का स्मरण करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में तीर्थाटन किया, अलग अलग यात्राएं की, ईश्वर का आशीर्वाद लेने, कभी बद्रीनाथ, कभी केदारनाथ, कभी अयोध्या, कभी मथुरा गए. उस समय उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि सबको प्रसाद लाकर बांट सकें.”
उन्होंने कहा कि ”उनकी कल्पना मजेदार थी वह तीर्थ क्षेत्र से उस मंदिर परिसर से एक दो पत्थर लाते थे और पत्थर पेड़ के नीचे रख देते थे, इसके प्रति एक भाव जग जाता था, गांव वालों ने उसे मंदिर समझ कर पूजा की. इसलिए मैं कहता हूं कि इसमें देवभक्ति भी है, देशभक्ति भी है. इस पवित्र मंदिर का दर्शन कर मैं अपने आपको धन्य पाता हूं.”



