राष्ट्रपति मुर्मू ने 17वीं लोकसभा भंग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Jun 2024 07:05 PM
राष्ट्रपति मुर्मू ने 17वीं लोकसभा भंग की

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल की सलाह पर बुधवार को 17वीं लोकसभा को भंग कर दिया. राष्ट्रपति भवन ने यह जानकारी दी. राष्ट्रपति भवन के अनुसार बुधवार को हुई बैठक में मंत्रिमंडल ने राष्ट्रपति को वर्तमान लोकसभा को तत्काल प्रभाव से भंग करने की सलाह दी थी.

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है, ”राष्ट्रपति ने पांच जून, 2024 को मंत्रिमंडल की सलाह को स्वीकार कर लिया है और संविधान के अनुच्छेद 85 के खंड (2) के उप-खंड (बी) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए 17वीं लोकसभा को भंग करने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं.” मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को समाप्त होना था. इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को अपना इस्तीफा राष्ट्रपति मुर्मू को सौंप दिया जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया और उनसे नयी सरकार के कार्यभार संभालने तक पद पर बने रहने को कहा.

मंगलवार को हुई मतगणना में सत्तारूढ. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बहुमत हासिल कर लिया. राजग को 543 सदस्यीय लोकसभा में बहुमत के जादुई आंकड़े (272) से अधिक सीटें मिलीं. हालांकि 2014 के बाद पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला. भाजपा को सरकार बनाने के लिए अब अपने गठबंधन सहयोगियों पर निर्भर रहना होगा.

By Yogesh Kumar Sahu