राष्ट्रपति चुनाव: द्रौपदी मुर्मू को केंद्र ने ‘जेड प्लस’ सुरक्षा मुहैया कराई

नयी दिल्ली: केंद्र ने राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों से लैस ‘जेड प्लस’ सुरक्षा प्रदान की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सशस्त्र दस्ते ने बुधवार को तड़के मुर्मू (64) की सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि इस घोषणा के तुरंत बाद, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ को मुर्मू की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के लिए उसके ‘वीआईपी’ सुरक्षा दल को तैनात करने का निर्देश दिया था। उन्होंने बताया कि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा राष्ट्रपति पद की राजग उम्मीदवार को लेकर खतरे के अंदेशा होने संबंधी रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद गृह मंत्रालय ने यह फैसला किया।

अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा स्थित अर्धसैनिक बल के करीब 14-16 जवानों की एक टुकड़ी ने मुर्मू की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली है। वे राज्य या देश में कहीं भी यात्रा के दौरान उनके साथ रहेंगे। सुरक्षाकर्मी ओडिशा के रायरंगपुर स्थित मुर्मू के आवास की भी सुरक्षा करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि अपनी उम्मीदवारी के वास्ते समर्थन मांगने के लिए विधायकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से मिलने के लिए मुर्मू के अगले एक महीने में कई यात्राएं करने की उम्मीद है। सीआरपीएफ का ‘वीआईपी’ सुरक्षा दल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके बेटे राहुल गांधी तथा बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा को भी सुरक्षा मुहैया करता है।

देश में 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होगा और इसके परिणाम 21 जुलाई को घोषित किए जाएंगे। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोंिवद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button