बिहार में राजद के ‘जंगल राज’ की वापसी रोकने के लिए ‘कमल’ का बटन दबाएं: अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Nov 2025 10:10 PM
बिहार में राजद के ‘जंगल राज’ की वापसी रोकने के लिए ‘कमल’ का बटन दबाएं: अमित शाह
ऑडियो सुनें

दरभंगा. गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मतदाताओं से मंगलवार को अपील की कि वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव चिह्न ‘कमल’ वाला ईवीएम बटन दबाएं ताकि ”राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के शासनकाल के दौरान रहे जंगल राज की वापसी को रोका जा सके जिसने राज्य को तबाह कर दिया था.” शाह ने वादा किया कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सत्ता में लौटता है तो सरकार बा­ढ़ रोकने और कोसी नदी के पानी का इस्तेमाल सिंचाई के लिए करने पर 26,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी.

शाह ने दरभंगा में एक चुनावी रैली में कहा, ”लालू-राबड़ी के 15 साल के शासन में बिहार को तबाह करने वाले ‘जंगल राज’ की वापसी को रोकने के लिए ‘कमल’ का बटन दबाएं.” उन्होंने कहा, ”यदि आप छह नवंबर को मतदान के दिन कोई गलती करते हैं तो बिहार में हत्या, लूट, अपहरण और जबरन वसूली फिर से आम हो जाएगी.” उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग ही बिहार को सर्वांगीण विकास की ओर ले जा सकता है.

पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”यदि बिहार में राजग सत्ता में फिर आता है तो मिथिलांचल में सिंचाई के लिए कोसी नदी के पानी का उपयोग और बा­ढ़ को रोकने के मकसद से कुल 26,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे…बिहार में गंगा, कोसी और गंडक नदियों के पानी का उपयोग सिंचाई के लिए किया जाएगा.” उन्होंने कहा कि अगर राजग बिहार में सत्ता में बना रहता है तो मिथिला, कोसी और तिरहुत के लोगों को इलाज के लिए पटना या दिल्ली जाने की जरूरत नहीं होगी क्योंकि उन्हें एम्स (अखिल भारतीय आयुर्वज्ञिान संस्थान) दरभंगा में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी.

शाह ने कहा, ”करीब 3.60 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क स्वास्थ्य बीमा दिया गया है जबकि दरभंगा में आईटी पार्क युवाओं को रोजगार देगा.” उन्होंने ‘जीविका दीदी’ के लिए 10,000 रुपये के लाभ के खिलाफ निर्वाचन आयोग से की गई राजद की शिकायत की आलोचना की और कहा, ”लालू की तीन पीढि.यां” स्वयं सहायता समूहों को ”हस्तांतरित धन नहीं छीन पाएंगी.” शाह ने दोहराया कि राजद-कांग्रेस ने छठी मैया, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां का अपमान किया.

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता आगामी चुनावों में ”ऐसे राजनीतिक दलों को बाहर का रास्ता दिखाकर इस अपमान का बदला लेगी.” शाह ने कहा, ”बिहार की जनता छठी मैया का अपमान करने वालों को कभी माफ नहीं करेगी. बिहार चुनाव में राजद-कांग्रेस का सफाया हो जाएगा.” उन्होंने वादा किया कि यदि राजग बिहार में सत्ता में बना रहता है तो अगले पांच वर्षों में प्रत्येक जिले में एक इंजीनियरिंग और एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा.

उन्होंने जोर देकर कहा कि असली विकास केवल नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में ही हो सकता है.
उन्होंने कहा, ”व्यापार सम्मेलन के दौरान बिहार में निवेश के लिए 423 कंपनियों ने 1.80 लाख करोड़ रुपये के समझौते किए. रक्सौल में एक नये हवाई अड्डे को मंजूरी मिल गई है जबकि मोतिहारी में एक सभागार बनाया जाएगा.” उन्होंने कहा कि चंपारण में धार्मिक पर्यटन को ब­ढ़ावा दिया जाएगा. उन्होंने कहा, ”मैं महात्मा गांधी की कर्मभूमि चंपारण से घोषणा करता हूं कि 31 मार्च 2026 को देश से नक्सलवाद का सफाया हो जाएगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu