नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान प्रेशर बम विस्फोट, जवान घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Dec 2023 06:52 PM
नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान प्रेशर बम विस्फोट, जवान घायल
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार को नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम में विस्फोट होने से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक जवान घायल हो गया. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि यह घटना दोपहर साढ़े तीन बजे जांगला थाना क्षेत्र में पोटेनार गांव के पास जंगल में सुरक्षार्किमयों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के दौरान हुई.

उन्होंने बताया कि पोटेनार क्षेत्र में नक्सलियों के भैरमगढ़ एरिया कमेटी के सदस्यों की उपस्थिति के बारे में सूचना मिलने पर पुलिस की इकाइयों– डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के एक संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में भेजा गया था. अधिकारी ने बताया, “जब सुरक्षा बल के जवान गस्त पर थे तब नक्सलियों ने सुरक्षा दल पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद सुरक्षा बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान के डीआरजी जवान सुरेश मिच्चा का पैर प्रेशर बम पर चला गया, जिससे विस्फोट हो गया और उनके पैर में चोटें आईं.”

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में दो-तीन नक्सली भी गोली लगने से घायल हो गए, लेकिन उनके सहयोगी उन्हें जंगल के अंदर ले जाने में कामयाब रहे. अधिकारी ने बताया, “घायल जवान को बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. इलाके में सुरक्षार्किमयों का तलाशी अभियान जारी है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu