प्रधानमंत्री ने टी-20 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों की मेजबानी की

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को नाश्ते पर टी20 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्यों से मुलाकात की और कहा कि अमेरिका तथा कैरेबियाई सरजमीं पर हाल ही में संपन्न आईसीसी प्रतियोगिता के दौरान टीम के अनुभवों पर ‘यादगार’ बातचीत हुई.

पिछले हफ्ते दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप जीतने वाली रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम तूफान बेरिल के चलते बारबाडोस में ‘शटडाउन’ के कारण खिताब जीतने के तुरंत बाद स्वदेश नहीं लौट पाई थी. खिलाड़ी अपने होटल में ही रुके थे जिसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने वापसी के लिए विशेष उड़ान का इंतजाम किया.

मोदी ने खिलाड़ियों से मुलाकात के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”हमारे चैंपियंस के साथ एक शानदार मुलाकात. 7, लोक कल्याण मार्ग में विश्व कप विजेता टीम की मेजबानी की और प्रतियोगिता के दौरान उनके अनुभवों पर एक यादगार संवाद किया.” नाश्ते के लिए प्रधानमंत्री आवास पहुंचने से पहले टीम इंडिया का हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया. कई खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की और विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर तस्वीरें भी साझा की. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी और अपनी पत्नी संजना गणेशन की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें मोदी उनके 10 महीने के बेटे अंगद को गोद में लिए हुए थे और इस पल का आनंद ले रहे थे.

कुलदीप यादव ने भी अपनी बातचीत की तस्वीरें साझा कीं. मोदी द्वारा गले लगाए जाने के दौरान वह भावुक होते दिखे. तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और उनके माता-पिता ने मुस्कुराते हुए मोदी के साथ तस्वीरें खिंचवाई. स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट पर कहा, ”हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से मिलना कितना बड़ा सम्मान है.” दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 59 गेंद में 76 रन की पारी खेलने वाले विराट कोहली ने कहा, ”हमें प्रधानमंत्री आवास पर आमंत्रित करने के लिए शुक्रिया सर.” प्रधानमंत्री कार्यालय ने इससे पहले एक मिनट से अधिक समय का एक वीडियो साझा किया जिसमें खिलाड़ियों को मोदी के ईद-गिर्द बैठे और बातचीत करते हुए देखा गया.

कप्तान रोहित शर्मा, प्रधानमंत्री मोदी के दाईं ओर थे जबकि मुख्य कोच राहुल द्रविड़ उनके बाईं ओर थे. खिलाड़ियों ने एक विशेष जर्सी पहन रखी थी, जिस पर आगे की तरफ मोटे अक्षरों में विश्व ‘चैंपियंस’ लिखा था और बाईं ओर ऊपर की तरफ कोने पर दो सितारे थे जो दो टी20 विश्व कप खिताब भारत की झोली में आने को दर्शा रहे थे. प्रधानमंत्री के साथ बातचीत के दौरान सभी खिलाड़ी मुस्कुराते हुए नजर आए. खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री के साथ फोटो भी खिंचवाई. इस मौके पर बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और सचिव जय शाह ने प्रधानमंत्री को ‘नमो’ और ‘1’ लिखी टीम इंडिया की विशेष जर्सी भेंट की.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button