प्रधानमंत्री मोदी, ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री मार्ल्स विश्व कप फाइनल मैच देखेंगे

विश्व कप फाइनल से पहले आसमान छूने लगे होटल और हवाई यात्रा के किराये

अहमदाबाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स रविवार को यहां भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले विश्व कप क्रिकेट फाइनल मैच को देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद रहेंगे. यहां जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए शुक्रवार को गांधीनगर में एक उच्च स्तरीय बैठक की.

विज्ञप्ति में कहा गया, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स रविवार को मैच देखेंगे. मुख्यमंत्री पटेल ने शीर्ष अधिकारियों के साथ सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की.” विज्ञप्ति के मुताबिक पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मैच के सुचारू संचालन के लिए किए गए विस्तृत इंतजामों के बारे में बताया, जिसमें मैदान, टीम, अति विशिष्ट व्यक्तियों को सुरक्षा प्रदान करने और यातायात प्रबंधन की देखभाल के लिए 4,500 र्किमयों की तैनाती शामिल है.

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि ‘वीआईपी’ आवाजाही के कारण आम लोगों को परेशानी न हो. उन्होंने बंद और ‘डायवर्जन’ (परिर्वितत मार्ग) सड़कों के बारे में लोगों को पहले से उचित जानकारी प्रदान करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रशंसकों की सुविधा के लिए मोटेरा स्टेशन (स्टेडियम के पास) की ओर चलने वाली मेट्रो ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का भी निर्देश दिया.

इस मैच के लिए देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से भी प्रशंसकों के अहमदाबाद पहुंचने की उम्मीद है. भारतीय टीम गुरुवार शाम को यहां पहुंची, वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम शुक्रवार को शहर पहुंची. भारतीय टीम ने शुक्रवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभ्यास सत्र आयोजित किया. भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक्स टीम रविवार को मैच से पहले एक एयर शो आयोजित करने वाली है.

विश्व कप फाइनल से पहले आसमान छूने लगे होटल और हवाई यात्रा के किराये

गुजरात के अहमदाबाद में रविवार को भारत और आस्ट्रेलिया के बीच होने वाले फाइनल को देखने के लिए काफी लोग यहां पहुंचेंगे जिससे यहां होटल के कमरों का किराया और हवाई यात्रा का किराया आसमान छू रहा है. विश्व कप फाइनल का खुमार बढ़ने से शहर के शीर्ष पांच सितारा होटल में मैच की रात के लिए कमरे का किराया दो लाख रुपये तक पहुंच गया है जबकि अन्य होटलों ने भी अपने किराये में पांच से सात गुना बढ़ोतरी कर दी है.

गुजरात के होटल एवं रेस्तरां संघों के महासंघ के अध्यक्ष नरेंद्र सोमानी ने कहा, ”विश्व कप फाइनल को देखते हुए सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि विदेश जैसे दुबई, आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के लोगों में भी काफी उत्साह है जो मैच देखने के लिए आना चाहते हैं. ” उन्होंने कहा, ”अहमदाबाद में तीन सितारा और पांच सितारा 5,000 कमरे हैं जबकि पूरे गुजरात में 10,000 कमरे हैं. नरेंद्र मोदी स्टेडियम की क्षमता एक लाख 20 हजार लोगों की है और हमें बाहर से मैच देखने के लिए 30,000 से 40,000 लोगों के आने की उम्मीद है. ” उन्होंने कहा कि होटल के कमरों की मांग बढ़ने से किराये भी बढ़ रहे हैं.

यहां तक कि गैर सितारा होटल ने भी अपने किराये पांच से सात गुना बढ़ा दिये हैं. वहीं हवाई यात्रा के लिए विभिन्न शहरों से यहां आने वाली उड़ान के किराये भी अचानक से बढ़ गये है. चेन्नई से आने वाली उड़ान सामान्य दिन में करीब 5,000 रुपये तक होती है लेकिन यह बढ़कर 16,000 से 25,000 रुपये तक पहुंच गयी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button