प्रधानमंत्री मोदी ने एशियाई खेलों में जीत पर महिला क्रिकेट टीम, अन्य विजेताओं को बधाई दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 07:33 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने एशियाई खेलों में जीत पर महिला क्रिकेट टीम, अन्य विजेताओं को बधाई दी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर भारत की महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी. मोदी ने खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के लिए 10 मीटर एयर राइफल पुरुष टीम को भी बधाई दी तथा अन्य पदक विजेताओं और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की.

उन्होंने कहा, ”हमारी क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन किया, उसने एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीता. देश इस शानदार उपलब्धि पर आनंदित है.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”हमारी बेटियां अपनी प्रतिभा, धैर्य, कौशल और ‘टीम वर्क’ से खेल के मैदान में भी तिरंगे को ऊंचा रख रही हैं. आपकी शानदार जीत के लिए बधाई.”

स्वर्ण जीतने वाली एयर राइफल टीम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, ”दस मीटर एयर राइफल पुरुष टीम के हमारे शानदार निशानेबाजों- रुद्राक्ष पाटिल, दिव्यांश पंवार और ऐश्वर्य प्रताप तोमर ने विश्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए वास्तव में विस्मयकारी तरीके से स्वर्ण पदक जीता है.” उन्होंने कौशल और दृढ़ संकल्प के शानदार प्रदर्शन के लिए विजेताओं को सलाम किया और उनके नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की कामना की.

मोदी ने कांस्य पदक जीतने पर सतनाम सिंह, परमिंदर सिंह, सुखमीत और जाकर खान की पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स टीम को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता ने देश को गौरवान्वित किया है.

उन्होंने कांस्य पदक हासिल करने के लिए अनीश भानवाला, विजयवीर सिद्धू और आदर्श सिंह की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष टीम की भी सराहना की. प्रधानमंत्री ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के लिए ऐश्वर्य प्रताप तोमर तथा एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी बधाई दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu