प्रधानमंत्री मोदी ने 71000 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 23 Dec 2024 02:46 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने 71000 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भर्ती अभियान ‘रोजगार मेला’ के तहत करीब 71,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवाओं के सामर्थ्य और प्रतिभा का भरपूर उपयोग उनकी सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के जरिए हम लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं। पिछले 10 वर्षों से सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संस्थानों में सरकारी नौकरी देने का अभियान चल रहा है। आज भी 71,000 से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बीते एक-डेढ़ साल में करीब 10 लाख युवाओं को सरकार ने पक्की सरकारी नौकरी दी है। आज भारत का युवा, नए आत्मविश्वास से भरा हुआ है। वह हर सेक्टर में अपना परचम लहरा रहा है।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अक्तूबर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोजगार मेले में युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र बांटे थे। रोजगार मेला देशभर में 40 जगहों पर आयोजित किया गया था। इसमें राजस्व विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय जैसे विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में भर्ती हुए लोग शामिल हुए थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा था, “इस उत्सवी माहौल में, आज इस पावन दिन पर, रोजगार मेले में 51,000 युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। मैं आप सभी को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। भारत सरकार में देश के लाखों युवाओं को स्थायी सरकारी नौकरी देने का सिलसिला जारी है। भाजपा और एनडीए शासित राज्यों में भी लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।”

देश भर में 45 जगह आयोजित किया गया

रोजगार मेला देश भर में 45 स्थानों पर आयोजित किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्त किया गया। इनमें गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय एवं वित्तीय सेवा शामिल हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital