प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के ताबूत में आखिरी कील ठोंकी, सरकार माओवादियों के सफाये को प्रतिबद्ध: योगी

बोकारो. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को झारखंड की झामुमो नीत गठबंधन सरकार पर राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं की मदद करने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ही इसे रोकने का एकमात्र समाधान है.

बोकारो के बेरमो में एक रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ”झामुमो, कांग्रेस और राजद रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को झारखंड में घुसने में मदद कर रहे हैं. वे आदिवासी लड़कियों से शादी करके यहां जमीन हड़प रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ही इस समस्या का एकमात्र समाधान है.” उन्होंने देश के 140 करोड़ नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए भाजपा सरकार को श्रेय दिया और आतंकवाद पर सरकार के कड़े रुख को दोहराया.

आदित्यनाथ ने कहा, ”मोदी के नेतृत्व में अयोध्या मुद्दे को दो साल में सुलझा लिया गया. उनके नेतृत्व में देश इतना शक्तिशाली हो गया है कि पाकिस्तान जैसे पड़ोसी देशों ने हमें उकसाना बंद कर दिया है.” उन्होंने लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा, ”दुनिया का सबसे शक्तिशाली नेतृत्व आपके साथ है, भारत को भड़काने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के ताबूत में आखिरी कील ठोंकी है और सरकार माओवादियों को खत्म करने के लिए तैयार है.” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन समुदायों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करके उन्हें विभाजित करने की योजना बना रहा है. आदित्यनाथ ने कहा, ”बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button