अस्वस्थ होने के कारण ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल नहीं हो सकेंगी प्रियंका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 16 Feb 2024 08:13 PM
अस्वस्थ होने के कारण ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल नहीं हो सकेंगी प्रियंका
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा अस्वस्थ होने के कारण शुक्रवार को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल नहीं हो सकेंगी. उन्होंने कहा कि सेहत में सुधार होते ही वह इस यात्रा का हिस्सा बनेंगी. पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, उन्हें आज शाम उत्तर प्रदेश के चंदौली से यात्रा में शामिल होना था. इस यात्रा को शुरू हुए 34 दिन हो चुके हैं. प्रियंका गांधी पहली बार इस यात्रा में शामिल होने वाली थीं.

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर खुद के अस्वस्थ होने और अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी. उन्होंने कहा, ”मैं बड़े चाव से उत्तर प्रदेश में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के पहुंचने का इंतजार कर रही थी, लेकिन बीमारी की वजह से मुझे आज ही अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. स्वास्थ्य थोड़ा बेहतर होते ही मैं यात्रा में शामिल होउंगी. तब तक के लिए मैं, चंदौली-बनारस पहुंच रहे सभी यात्रियों, पूरी मेहनत से यात्रा की तैयारी में लगे उत्तर प्रदेश के मेरे सहयोगियों और प्यारे भाई को शुभकामनाएं देती हूं.”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में मणिपुर से यह यात्रा गत 14 जनवरी को शुरू हुई थी और पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक इसका समापन 20 या 21 मार्च को मुंबई में होना है. हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि यात्रा का समापन मुंबई में मार्च महीने के पहले पखवाड़े में ही हो सकता है.

यात्रा फिलहाल बिहार में है और शुक्रवार शाम को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी. यात्रा 16-21 फरवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों और फिर रायबरेली एवं अमेठी से गुजरेगी. 22 और 23 फरवरी यात्रा के लिए विश्राम के दिन हैं तथा 24 और 25 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यात्रा फिर से शुरू होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu