
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज आयोजित जनदर्शन में दिव्यांगों की समस्याओं और मांगों से अवगत हुए. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदनशीलता से केवल की बातों को सुनकर उन्हें तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. जिस पर तत्काल निराकरण करते हुए व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई. इस दौरान मुख्यमंत्री ने केवल को स्कूल जाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़-लिखकर तरक्की करों और जीवन में एक सफल इंसान बनो.
मुख्यमंत्री से दिव्यांगजनों ने आर्थिक सहायता, इलाज के लिए सहायता संबंधी आवेदन देकर समाधान का निवेदन किया. इस दौरान जिला रायपुर के आरंग विकासखंड के दिव्यांग केवल साहू ने आर्थिक सहायता हेतु मदद मांगी. केवल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उसके कमर से नीचे का हिस्सा काम नही करता है, जिससे उसे चलने-फिरने में दिक्कत आती है. इन दिक्कतों के कारण उसकी पढ़ाई भी छूट गयी है. उनके पिता मजदूरी का काम करते हैं, जिससे परिवार का खर्च बहुत मुश्किल से चल पाता है.
व्हीलचेयर मिलने पर खुशी से गदगद होते हुए केवल और साथ आये उसके पिता कृष्णा साहू ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया. केवल के पिता कृष्णा साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता ने आज मेरे बच्चे के भविष्य को सुधारने में मील का पत्थर साबित होगा. अब मेरे बच्चे को स्कूल जाने में कोई तकलीफ नहीं होगी और वह आगे की पढ़ाई निरंतर जारी रख सकेगा.



