पुरी के राजा ने ओडिशा सरकार से भगदड़ की त्वरित और व्यापक जांच करने को कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Jun 2025 08:05 PM
पुरी के राजा ने ओडिशा सरकार से भगदड़ की त्वरित और व्यापक जांच करने को कहा
ऑडियो सुनें

पुरी/कोलकाता. पुरी के राजा गजपति महाराजा दिव्यसिंह देब ने प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान मची भगदड़ पर रविवार को दुख व्यक्त किया और ओडिशा सरकार से इस घटना की तत्काल एवं व्यापक जांच कराने की अपील की. देब श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंध समिति (एसजेटीएमसी) के अध्यक्ष भी हैं. उन्होंने राज्य सरकार से ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित और तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया.

उनके कार्यालय ने एक बयान में कहा, “श्री गजपति महाराज ने राज्य सरकार से इस अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संबंध में शीघ्र और व्यापक जांच करने तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित और तत्काल कदम उठाने की अपील की है.” देब ने कहा कि वह “श्री गुंडिचा मंदिर के पास कल रात मची भगदड़ के बारे में जानकर स्तब्ध और बहुत दुखी हैं, जिसमें तीन श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए.” उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की.

पुरी में बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए थी : धर्मेंद्र प्रधान

ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास रविवार को भगदड़ में तीन लोगों की मौत पर दुख जताते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि मंदिर प्रबंधन को बेहतर इंतजाम करना चाहिए था. ओडिशा से ताल्लुक रखने वाले केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानिहाटी में ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा, ”वहां के प्रबंधन को बेहतर इंतजाम करना चाहिए था… मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.” उन्होंने कहा कि उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और पुरी में स्थानीय प्रशासन से बात की है. उन्होंने कहा कि माझी और प्रशासन ने स्थिति को ”जिम्मेदारी से” संभाला है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu