संसद में बहस के लिए अमित शाह की चुनौती स्वीकार करें राहुल गांधी: जद

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 03 Nov 2026 05:05 PM
संसद में बहस के लिए अमित शाह की चुनौती स्वीकार करें राहुल गांधी: जद
ऑडियो सुनें

जनता दल-यूनाइटेड (जद यू) ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से कहा कि वह अपना ”अराजक रवैया” छोड़ें और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मुद्दे पर संसद के एक विशेष सत्र में बहस की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुनौती को स्वीकार करें।
जद (यू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने पीटीआई-भाषा से कहा कि अगर गांधी को संसदीय लोकतंत्र में भरोसा है, तो उन्हें संसद में उन सभी मुद्दों को उठाना चाहिए जिन पर वह चर्चा करना चाहते हैं।

प्रसाद ने कहा, ”अगर राहुल गांधी को संसदीय लोकतंत्र में थोड़ा भी भरोसा है, तो उन्हें अमित शाह की चुनौती स्वीकार कर लेनी चाहिए। बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय ने कहा था कि निर्वाचन आयोग के पास एसआईआर कराने का अधिकार है और यह प्रक्रिया कानूनी तरीके से की जा रही है।” उन्होंने कहा, ”यदि आपको (गांधी) देश की महान न्यायपालिका और संसदीय लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है, तो यह अराजकतावादी रवैया है।

इसलिए, उन्हें चुनौती स्वीकार करनी चाहिए और संसद के विशेष सत्र में आकर अपनी पसंद के मुद्दे उठाने चाहिए।” कांग्रेस ने एसआईआर मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए सरकार के तैयार होने संबंधी शाह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर वह इस प्रस्ताव को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें सबसे पहले अपने ”मोहरे” मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा सुनिश्चित करना चाहिए और एसअसईआर की प्रक्रिया को निलंबित कर देना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ”विदेशी” समर्थन से सत्ता में होने के गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए, प्रसाद ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां प्रधानमंत्री की तुलना में कांग्रेस नेता के लिए ही अधिक नुकसानदेह साबित होंगी। उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, ”इस देश के करोड़ों लोगों द्वारा चुने गए प्रधानमंत्री के बारे में उनकी टिप्पणियां भारत की पहचान और आत्म-सम्मान का अपमान हैं। आज दुनिया भारत की कूटनीतिक ताकत को मानती है। कांग्रेस ने ‘इंडिया’ और ‘भारत’ के बीच एक गहरी विभाजन रेखा खींच दी थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, स्वदेशी प्रयासों के जरिए भारत की छवि मजबूत हुई है और इस विभाजन को पाटने का काम हुआ है।” प्रसाद ने कहा, ”उन्हें (गांधी) इसका सम्मान करना चाहिए। अगर वह विदेशी मदद के आरोप लगाकर या भारत के प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह का दुष्प्रचार करके देश की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं, तो ऐसे आरोप उनके लिए ही नुकसानदेह साबित होंगे।” गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ”श्रीमान मोदी, इस देश से झूठ बोलना बंद करें। आप विदेशी मदद की वजह से प्रधानमंत्री बने। आप विदेशी मदद की वजह से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं। आपकी वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह से विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन में है। विदेशी सोशल मीडिया भी पूरी तरह से आपका समर्थन करता है।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav