राहुल गांधी का ‘हाइड्रोजन बम’ सिर्फ पटाखा साबित हुआ: फडणवीस

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 06 Nov 2025 03:25 PM
राहुल गांधी का ‘हाइड्रोजन बम’ सिर्फ पटाखा साबित हुआ: फडणवीस
ऑडियो सुनें

नागपुर: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का कथित वोट चोरी को लेकर दिया गया ‘‘हाइड्रोजन बम’’ वाला बयान अंतत? एक ‘‘छोटा पटाखा’’ साबित हुआ है। फडणवीस ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ऐसा एजेंडा चलाते प्रतीत होते हैं जो उन विदेशी ताकतों से मेल खाता है जो भारत के लोकतंत्र को अस्थिर करना चाहती हैं।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने हाल ही में कहा था कि उनकी पार्टी जल्द ही ‘‘वोट चोरी’’ को लेकर ‘‘हाइड्रोजन बम’’ जैसे खुलासे करेगी। दिल्ली में बुधवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में गांधी ने ‘‘एच-फाइल्स’’ नामक प्रस्तुति दिखाते हुए आरोप लगाया था कि 2024 का हरियाणा विधानसभा चुनाव ‘‘चुराया गया’’ था। उन्होंने दावा किया था कि मतदाता सूची में 25 लाख प्रविष्टियां फर्जी हैं और निर्वाचन आयोग ने भाजपा के साथ मिलकर उसकी जीत सुनिश्चित की।

कांग्रेस नेता के वोट चोरी के आरोपों के बारे में पूछने पर फडणवीस ने कहा, ‘‘राहुल गांधी का हाइड्रोजन बम बहुत कमजोर निकला, दरअसल यह एक छोटा पटाखा था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जो कर रहे हैं और उनका एजेंडा, दोनों उन अंतरराष्ट्रीय ताकतों से मेल खाते हैं जो नहीं चाहतीं कि भारत में लोकतंत्र सही ढंग से चले। ये ताकतें देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लोगों के भरोसे को कमजोर करना चाहती हैं और राहुल गांधी भी वही कर रहे हैं।’’

शिवसेना (उबाठा) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के मराठवाड़ा दौरे पर फडणवीस ने कहा कि किसान कर्जमाफी जैसे मुद्दों पर महायुति सरकार की आलोचना करने के उनके प्रयास आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर हैं। फडणवीस ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि उद्धव ठाकरे बाहर निकल रहे हैं, क्योंकि जब वह मुख्यमंत्री थे और किसान कठिनाई में थे तब वह घर से बाहर नहीं निकले थे। कम से कम अब उन्हें एहसास हुआ कि जनता के बीच जाना जरूरी है। लेकिन जनता जानती है कि वह आगामी चुनावों के कारण उनके पास जा रहे हैं।’’

महाराष्ट्र में 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के चुनाव दो दिसंबर को होने हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगस्त-सितंबर में आई बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए राज्य सरकार द्वारा घोषित राहत पैकेज की राशि उनके खातों में जमा की जा रही है। उन्होंने कहा ‘‘शेष किसानों को भी जल्द ही रकम दी जाएगी।’ फडणवीस ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि उद्धव ठाकरे के इस दौरे से उन्हें जनता का समर्थन मिलेगा, चाहे वे कितनी भी कोशिश क्यों न करें।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital