रक्षा बलों में आरक्षण की मांग कर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं राहुल: राजनाथ सिंह

बांका/जमुई/गयाजी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ”रक्षा बलों में आरक्षण की मांग कर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.” सिंह ने बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता के पास अब “तालाब में कूदने” के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है. उन्होंने हाल में कांग्रेस नेता के चुनावी अभियान के दौरान मछली पकड़ने की कोशिश पर तंज कसा.

रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि राहुल गांधी बिना किसी आधार के निर्वाचन आयोग जैसे संवैधानिक संस्थानों पर निशाना साध रहे हैं.
बिहार के जमुई जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, “राहुल जी को क्या हो गया है? वे रक्षा बलों में आरक्षण की बात उठा रहे हैं. वे देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. हमारे सशस्त्र बल इन सब चीजों से ऊपर हैं.” उन्होंने कहा, “भारत के सैनिकों का केवल एक धर्म है-‘सैन्य धर्म’. भाजपा आरक्षण के पक्ष में है. हमने गरीबों और समाज के पात्र वर्गों को आरक्षण दिया है.” राहुल गांधी ने मंगलवार को बिहार में चुनावी सभाओं के दौरान दावा किया था कि निजी क्षेत्र, न्यायपालिका, नौकरशाही और सशस्त्र बलों में पिछड़ी जातियों, आदिवासी समुदायों और अल्पसंख्यकों का बहुत कम प्रतिनिधित्व है, जबकि 10 प्रतिशत आबादी इन संस्थानों पर नियंत्रण रखती है.

सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि “देश चलाना बच्चों का खेल नहीं है.” उन्होंने पुलवामा जैसे आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा की गई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा, “ऑपरेशन सिंदूर को रोका गया है, खत्म नहीं किया गया. अगर आतंकवादी भारत पर फिर हमला करने की कोशिश करेंगे तो उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.” सिंह ने कहा, “हमारे सैनिकों ने आतंकवादियों को धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि उनके कर्मों के आधार पर मारा. भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आतंकियों के ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया… मैं मारे गए आतंकवादियों की संख्या नहीं बताना चाहता, पर यह तीन अंकों से कहीं अधिक है.” उन्होंने कहा कि भारत किसी को उकसाता नहीं है, लेकिन अगर कोई देश भारत को उकसाने की कोशिश करता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा.

सिंह ने कहा कि अब भारत एक कमजोर देश नहीं रहा, बल्कि “दुनिया में एक शक्तिशाली राष्ट्र” के रूप में जाना जाता है. गयाजी की सभा में उन्होंने कहा, “राहुल गांधी बिना किसी सबूत के निर्वाचन आयोग जैसे संवैधानिक संस्थानों को निशाना बना रहे हैं. उन्हें पता है कि उनकी पार्टी की हार तय है.” उनकी यह टिप्पणी उस वक्त आई जब राहुल गांधी ने कुछ घंटे पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव में “वोट चोरी” का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची में 25 लाख फर्जी प्रविष्टियां थीं और निर्वाचन आयोग ने भाजपा को जीताने के लिए मिलीभगत की.

बांका में आयोजित एक अन्य रैली में सिंह ने कहा, “राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में स्पष्ट लहर है और गठबंधन दो-तिहाई बहुमत के साथ अगली सरकार बनाएगा.” उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) शासनकाल में लोग डर के साए में जीते थे.

सिंह ने कहा, “हम विकास की बात करते हैं, जबकि राजद ‘कट्टा’ (अवैध देशी पिस्तौल) की बात करता है. राजद के नेता बेशर्म हैं, भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और अब चुनाव में जनता का समर्थन मांग रहे हैं.” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी मामला नहीं है. सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी सीमा क्षेत्रों में सड़कों के विकास की इच्छा नहीं की. उन्होंने कहा कि राजग जाति, धर्म या पंथ के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं करता और गठबंधन केवल “विकसित बिहार” के लिए काम करता है. राजनाथ सिंह ने कहा, “राजद के नेता पहले लोगों को धमकाते थे, उन्होंने बिहार के विकास के लिए कभी काम नहीं किया.” उन्होंने दावा किया कि राजद जो वादा करता है, उसे निभाता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button