असम के कई हिस्सों में बारिश, गुवाहाटी में भूस्खलन से तीन लोगों की मौत

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 31 May 2025 01:47 PM
असम के कई हिस्सों में बारिश, गुवाहाटी में भूस्खलन से तीन लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी: असम के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश के बीच गुवाहाटी में भूस्खलन के कारण कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। लखीमपुर सहित राज्य के कई हिस्सों से बाढ़ की खबरें हैं।

शहरी मामलों के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने बताया कि शहर के बाहरी इलाके बोंडा क्षेत्र में शुक्रवार शाम भूस्खलन हुआ जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा, ‘‘लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और जान गंवाने वाली तीनों महिलाएं थीं।’’

बरुआ ने शुक्रवार देर रात शहर में जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि कई एजेंसियां प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में लगी हैं। लखीमपुर जिले के बड़े हिस्से में पानी भर गया है क्योंकि अरुणाचल प्रदेश की सीमा से लगे इलाकों में भारी बारिश के बाद पानी निचले क्षेत्रों में पहुंच गया है।

प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को बचाने के लिए कई एजेंसियों को तैनात किया गया है और कई लोग तंबुओं में शरण लिए हुए हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को चिरांग, बक्सा, बारपेटा, बोंगाईगांव, बजाली, तामुलपुर, दरांग और उदलगुड़ी जिलों के लिए शनिवार को ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में घने बादल छाए रहने से लगातार हो रही बारिश के कारण शुक्रवार को 18 जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया जिससे राज्य को ‘‘असामान्य स्थिति’’ का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भी भारी बारिश दर्ज की गई है जिससे खासकर गुवाहाटी में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कामरूप और कामरूप महानगर जिलों में शनिवार को उन सरकारी कर्मचारियों के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश की घोषणा की गई है जिन्हें कार्यालय पहुंचने के लिए दूरी तय करनी होती है।

इन दोनों जिलों में शनिवार को शैक्षणिक संस्थानों को भी बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को तेज बारिश और हवाओं के कारण गुवाहाटी हवाई अड्डे पर विमान सेवाएं प्रभावित हुईं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital