राम मंदिर ट्रस्ट ने जून में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए भेजने शुरू किए निमंत्रण

अयोध्या. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या में राम मंदिर की पहली मंजिल पर राम दरबार समेत आठ मंदिरों के आगामी प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजने शुरू कर दिए हैं. गंगा दशहरा के त्योहार के साथ तीन से पांच जून तक होने वाले इस कार्यक्रम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, लेकिन अब तैयारियां जोरों पर हैं. देश भर के धार्मिक नेताओं और संतों को निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं.

ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों– चंपत राय और अनिल मिश्रा द्वारा हस्ताक्षरित निमंत्रण पत्रों में संतों से उपस्थिति का अनुरोध किया गया है. अनुष्ठानों के लिए तैयार किये जा रहे आठ मंदिरों में से प्रत्येक में दो गृहस्थ संरक्षक के रूप में काम करेंगे और दो संत गवाह के रूप में काम करेंगे, जैसा कि आधिकारिक पत्र में उल्लिखित है.

हिंदू धार्मिक नेताओं को संबोधित पत्र में कहा गया है कि राम दरबार और सात अन्य मंदिरों का अभिषेक राम मंदिर की पहली मंजिल पर किया जाएगा. इसमें गर्भगृह के चारों ओर बनाये जा रहे आयताकार घेरे का भी वर्णन किया गया है, जिसके कोनों पर और घेरे के उत्तरी और दक्षिणी किनारों पर मंदिर स्थित होंगे.

निमंत्रण में बताया गया है कि अभिषेक समारोह शिव, गणेश, हनुमान, सूर्य, भगवती, अन्नपूर्णा और शेषावतार समेत विभिन्न देवताओं को सर्मिपत मंदिरों में आयोजित किये जाएंगे. इसमें उल्लेख किया गया है कि अनुष्ठान तीन और चार जून को सुबह साढ़े छह बजे शुरू होंगे और शाम साढ़े छह बजे तक जारी रहेंगे, जबकि समापन के दिन पांच जून को कार्यक्रम दोपहर एक बजे तक समाप्त हो जाएंगे.

आमंत्रित अतिथियों के लिए ट्रस्ट ने मंदिर परिसर में सुबह के जलपान और दोपहर के भोजन की व्यवस्था की है. हालांकि, उनके संबंधित आश्रमों में रात का खाना खाने की उम्मीद है. ट्रस्ट के निमंत्रण में आयोजन के आध्यात्मिक महत्व पर जोर दिया गया है और धार्मिक नेताओं से पवित्र गवाहों के रूप में समारोह में उपस्थित होने का आग्रह किया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button