रामोजी राव का हैदराबाद में अंतिम संस्कार किया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Jun 2024 06:02 PM
रामोजी राव का हैदराबाद में अंतिम संस्कार किया गया
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. मीडिया जगत की जानी मानी हस्ती एवं रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का रविवार को हैदराबाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया. रामोजी फिल्म सिटी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनके बेटे किरण ने चिता को मुखाग्नि दी.

खबरों और मनोरंजन की दुनिया में व्यापक बदलाव लाने वाले रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का शनिवार की सुबह यहां एक अस्पताल में निधन हो गया था. वह 88 वर्ष के थे. रामोजी राव के अंतिम संस्कार में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू समेत कई नेता शामिल हुए. रामोजी राव ने समाचार पत्र ‘ईनाडु’ और ईटीवी चैनल समूह की शुरुआत करके अविभाजित आंध्र प्रदेश में मीडिया जगत में क्रांतिकारी बदलाव किया था. उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था. आंध्र प्रदेश सरकार ने नौ और 10 जून को राजकीय शोक की घोषणा की है.

एक आधिकारिक संदेश में कहा गया है कि राजकीय शोक के दौरान पूरे राज्य में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और आधिकारिक रूप से किसी उत्सव का आयोजन नहीं किया जाएगा. पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एन. वी. रमण, तेलगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू, तेलंगाना के मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव और डी सीताक्का, फिल्म जगत के सदस्यों और अन्य लोगों ने रामोजी राव को श्रद्धांजलि अर्पित की.

चंद्रबाबू नायडू उनकी अर्थी को कंधा देने में शामिल हुए. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मैंने भारी मन से अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया और तेलुगु जगत के दिग्गज रामोजी राव को अंतिम विदाई दी. वह अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन वह एक मार्गदर्शक के रूप में हमें प्रेरित करते रहेंगे. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu