रणवीर शौरी ने उड़ान में 10 घंटे की देरी पर विमानन कंपनी की आलोचना की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Jan 2024 08:56 PM
रणवीर शौरी ने उड़ान में 10 घंटे की देरी पर विमानन कंपनी की आलोचना की
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता रणवीर शौरी ने एक उड़ान में कथित तौर पर 10 घंटे की देरी के लिए विमानन कंपनी की आलोचना की और दावा किया कि कर्मचारियों ने खराब मौसम के कारण देरी के बारे में उनसे “झूठ” बोला. शौरी ने आरोप लगाया कि जिस उड़ान में वह अपने सात दोस्तों के साथ यात्रा करने वाले थे, उसके लिए कोई पायलट तैनात नहीं किया गया था. बाद में, इंडिगो के एक प्रवक्ता ने कहा कि एक टीम उनकी चिंता को दूर करने के लिए काम कर रही है.

‘खोसला का घोसला’ और ‘ए डेथ इन द गंज’ जैसी र्चिचत फिल्मों में अभिनय कर चुके अभिनेता ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह विमानन कंपनी के कारण हुई ”मानसिक परेशानी” को लेकर शिकायत दर्ज कराएंगे. उन्होंने लिखा, “कल इंडिगो के विवरण के अनुसार, हमारी उड़ान दोपहर दो बजे के लिए निर्धारित थी. हम सभी आठ लोगों ने नियमानुसार दो घंटे पहले ‘चेक इन’ कर लिया और तब हमें सूचित किया गया कि खराब मौसम (कोहरे) के कारण उड़ान में तीन घंटे की देरी होगी.” शौरी ने अपनी पोस्ट में उस हवाई अड्डे का उल्लेख नहीं किया जहां से वह यात्रा शुरू कर रहे थे.

उन्होंने दावा किया कि उड़ान में देरी होती रही और विमानन कंपनी की वेबसाइट के अनुसार उसका विमान कोलकाता से आना था जहां कोहरे की कोई समस्या नहीं थी और विमान बेंगलुरु पहुंच चुका था. मुंबई में रहने वाले अभिनेता ने कहा, ”जब उन्होंने यह सूचना इंडिगो के कर्मचारियों को दी तो उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर सूचना ठीक से अद्यतन नहीं हुई है. स्टाफ ने जोर दिया कि विमान रात आठ बजे रवाना हो जाएगा. मेरे लिए घर पहुंचना जरूरी था क्योंकि अगर मैं रात में 10 से साढ़े 10 तक नहीं पहुंचता तो मेरा बच्चा घर में अकेला रह जाता.”

शौरी (51) ने दावा किया कि शिफ्ट बदलने और कुछ कॉल के बाद नए कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि देरी के पीछे “असली कारण” यह था कि उनके पास उड़ान के लिए कोई पायलट नहीं था. उन्होंने कहा, ”मुझे आश्वासन दिया गया कि पायलट तैनात हो गया है और विमान साढ़े 10 बजे रवाना होगा. मैंने अपने बच्चे की देखभाल के लिए कुछ इंतजाम किया ताकि उसकी देखभाल हो सके.”

अभिनेता ने कहा, ”इसके बाद फिर 2-3 घंटे तक झूठ का सिलसिला चला और हमारा विमान मध्यरात्रि में उड़ा जो अपने निर्धारित समय से 10 घंटे देरी से था. हम हवाई यात्रा के दौरान हुई मानसिक परेशानी के लिए इंडिगो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगे.” इंडिगो के दल ने बाद में ‘एक्स’ पर अभिनेता की पोस्ट का जवाब दिया.

एयरलाइन ने कहा, “कृपया निश्चिंत रहें कि हमारी टीम आपकी परेशानी को दूर करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है और जल्द ही आपसे दोबारा संपर्क किया जाएगा.” बीते सप्ताह अभिनेत्री राधिका आप्टे और सुरभि चंदना ने भी अपनी हवाई यात्रा के खराब अनुभवों को सोशल मीडिया पर साझा किया था.

आप्टे ने दावा किया था कि वह उन कई यात्रियों में शामिल थी जिन्हें उनकी उड़ान में देरी के कारण घंटों तक ‘एयरोब्रिज’ में बंद रखा गया था. वहीं, चंदना ने उनका सामान विमान से कथित तौर पर उतार देने और उन्हें ”मानसिक रूप से प्रताड़ित” करने के लिए एक अन्य विमानन कंपनी की आलोचना की थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu