मुंबई में भीड़ ने रवीना टंडन और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Jun 2024 08:51 PM
मुंबई में भीड़ ने रवीना टंडन और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की
ऑडियो सुनें

मुंबई. बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन और उनके चालक पर मुंबई में भीड़ ने कथित तौर पर हमला कर दिया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि रवीना टंडन के चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप है. स्थानीय लोगों के एक समूह ने एक वायरल वीडियो में रवीना और उनके चालक पर तीन महिलाओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात बांद्रा के कार्टर रोड पर हुई. अधिकारी ने कहा कि इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है.

अधिकारी ने बताया कि घटना के बारे में रवीना की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है. अधिकारी के अनुसार, उनके चालक ने कथित तौर पर वाहन से तीन लोगों को टक्कर मार दी जिसके बाद वहां भीड़ नाराज हो गई और झड़प हो गई. उन्होंने बताया कि जब रवीना भीड़ से बात करने के लिए अपनी गाड़ी से उतरीं तो उनके साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की गई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रवीना को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘कृपया मुझे मत मारो’.

वीडियो में एक व्यक्ति यह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि रवीना के चालक ने उसकी मां को टक्कर मारी और जब उससे (चालक से) इस बारे में पूछा गया तो उसने (महिला के साथ) मारपीट शुरू कर दी. एक व्यक्ति ने अभिनेत्री पर नशे में धुत होने का आरोप लगाया और कहा कि जब वह गाड़ी से उतरीं तो उसने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी. खार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद कार्टर रोड स्थित एक इमारत के परिसर में भीड़ ने रवीना और उनके चालक के साथ मारपीट की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu