गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के ध्येय के साथ अबूझमाड़ तक पहुंची हैं विकास की किरणे : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 27 Sep 2023 06:07 PM
गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के ध्येय के साथ अबूझमाड़ तक पहुंची हैं विकास की किरणे : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज रायपुर शहर को 1021 करोड़ 59 लाख रूपए के विकास कार्यों की सौगात देते हुए 7 बड़े विकास कार्यों का भूमिपूजन किया. मुख्यमंत्री बघेल ने तात्यापारा नवीन मार्केट में स्थित छत्तीसगढ़ के स्वप्नदृष्टा खूबचंद बघेल की मूर्ति पर माल्यार्पण करते हुए रायपुर शहर के लोगों को इन विकास कार्यों की सौगात दी.

इस दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने रायपुर शहर के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है और सबकी सुविधाओं का ध्यान रखते हुए ही इन विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गयी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन महीनों में ही छत्तीसगढ़ सरकार ने 36 सौ करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया है जिससे राज्य की जनता को लाभ मिलेगा. बघेल ने कहा कि खारून नदी क रिवर फ्रंट निर्माण से शहर के लोगों को घूमने फिरने का एक नया स्थान मिलेगा जहां वो अपने परिवार के साथ वक्त बिता सकेंगे. बघेल ने कहा कि पांच वर्ष पहले खूबचंद बघेल एवं अन्य महान पुरखों के नक्शे कदम पर चलते हुए ही गढ़बो नया छत्तीसगढ़ का ध्येय रखा गया था और इसी के तहत सरकार लोगों की आय में वृद्धि और अधोसंरचना के लगातार निर्माण पर कार्य कर रही है.

कार्यक्रम में उपस्थित लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने संबोधन में एक हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिलने पर रायपुर शहर के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में पूरे प्रदेश में सड़कों एवं पुल पुलियों का जाल बिछाया गया है. साहू ने कहा कि सड़कों के निर्माण से लोगों की तकलीफें दूर होती हैं और जीवन सुगम बनता है.

तात्यापारा नवीन मार्केट में आयोजित इस कार्यक्रम में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलाम रिजवी, जिला पंचायत अध्यक्ष डोमेश्वरी वर्मा, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, लोक निर्माण विभाग के सचिव आलोक कटियार के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी गण उपस्थित थे.

इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन

1.रायपुर शहर के नवीन मार्केट में आयोजित इस भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जी.ई. रोड के शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य , जिसकी लंबाई 510 मीटर तथा निर्माण लागत राशि 134.66 करोड़ रूपए है, का भूमिपूजन किया . इस सड़क के चौड़ीकरण से यातायात सुगम होगा तथा शहर के लोगों को इस स्थान पर भारी ट्रेफिक से निजात मिलेगी.

2. रायपुर शहर के रिंग रोड क्र.1 एवं तेलीबांधा चौक से अग्रसेन धाम चौक लाभांडी तक 6-लेन फ्लाई ओव्हरब्रिज निर्माण कार्य का भूमिपूजन जिसकी निर्माण लागत राशि 473.13 करोड़ रूपए है.

3. रायपुर शहर में महादेवघाट एवं चंदनीडीह में खारुन रिवर फ्रंट के निर्माण, विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य जिसकी लंबाई 1.55 कि.मी. है एवं निर्माण लागत राशि 197.36 करोड़ रूपए का भूमिपूजन.

4. रायपुर शहर के एक्सप्रेस-वे (टेमरी) से माना व्ही.आई.पी. मार्ग पर ऐलिवेटेड कॉरिडोर सहित एयरपोर्ट को जोड़ने वाले मार्ग का 6-लेन में निर्माण कार्य, निर्माण लागत राशि 156.27 करोड़ रूपए है का भूमिपूजन.

5. रिंग रोड क्र.1 पर उद्योग भवन महावीर नगर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर फ्लाई ओव्हर का निर्माण कार्य, लागत रु. 42.42 करोड़ रूपए का भूमिपूजन.

6.राजस्व एवं आपदा विभाग के अंतर्गत माडर्न तहसील कार्यालय भवन का निर्माण कार्य जिसकी लागत 11.50 करोड़ रूपए है का भूमिपूजन

7. छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के नवा रायपुर सेक्टर 24 कयाबांधा में निर्मित होने वाले प्रधान कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu