
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले के निकट हुए विस्फोट में घायल लोगों से बुधवार को एलएनजेपी अस्पताल में मुलाकात की और कहा अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा. प्रधानमंत्री लगभग 25 मिनट तक अस्पताल में रहे. मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”दिल्ली में बम विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिलने एलएनजेपी अस्पताल गया. सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. इस साजिश के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा!” अस्पताल में तथा इसके आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
अधिकारियों ने बताया कि भूटान से वापस आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए सीधे एलएनजेपी अस्पताल गये. उन्होंने बताया कि मोदी ने घायलों से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने बताया कि अस्पताल के अधिकारियों और चिकित्सकों ने उन्हें घायलों के बारे में जानकारी दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को अस्पताल पहुंचे थे और पीड़ितों से मिले थे.
पुलिस द्वारा जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने और तीन चिकित्सकों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार करने के कुछ ही घंटों बाद दिल्ली के लाल किला क्षेत्र के पास एक धीमी गति से चलती कार में उच्च तीव्रता वाला विस्फोट हुआ, जिसमें 12 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए. पुलिस ने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर लगभग 2,500 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर जब्त किया.
पुलिस की प्राथमिकी में इस घटना को ”बम विस्फोट” बताया गया है, जबकि फोरेंसिक विशेषज्ञ अब इस बात का विश्लेषण कर रहे हैं कि हाल में बरामद सामग्री लाल किले में हुए विस्फोट के रासायनिक संकेत से मेल खाती है या नहीं. फॉरेंसिक दल ने विस्फोट स्थल से लगभग 40 नमूने एकत्रित किए, जिनमें दो कारतूस, गोला-बारूद तथा दो अलग-अलग प्रकार के विस्फोटकों के नमूने शामिल हैं. इस बीच, जांचकर्ता विस्फोट से जुड़े सबूतों को इकट्ठा करने में जुटे हुए हैं.



