रूस ने कुर्स्क क्षेत्र के सबसे बड़े शहर सदजू को पुन: अधिकार में लिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Mar 2025 07:13 PM
रूस ने कुर्स्क क्षेत्र के सबसे बड़े शहर सदजू को पुन: अधिकार में लिया
ऑडियो सुनें

मॉस्को. रूस ने सीमावर्ती कुर्स्क क्षेत्र के सबसे बड़े शहर सदजू को फिर से अपने अधिकार में ले लिया है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह दावा किया. इस बीच, अमेरिकी अधिकारियों ने यूक्रेन के साथ रूस के तीन साल से जारी युद्ध में प्रस्तावित 30 दिन के युद्ध विराम पर क्रेमलिन (रूस के राष्ट्रपति का कार्यालय) की प्रतिक्रिया मांगी है. यूक्रेन ने अमेरिका के इस प्रस्ताव का समर्थन किया है.

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उन्होंने सदजू शहर को फिर से अपने अधिकार में ले लिया है. रक्षा मंत्रालय के इस दावे से कुछ समय पहले सैन्य वर्दी पहने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कुर्स्क में अपने कमांडरों से मुलाकात की थी. हालांकि, रूस के इस दावे को स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किया जा सका. यूक्रेन के अधिकारियों ने भी इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की.

रूसी सेना की नयी तैनाती और पुतिन की अपने सैनिकों से मुलाकात ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप युद्ध को कूटनीतिक रूप से समाप्त करने पर जोर दे रहे हैं. अमेरिका ने तीन मार्च को यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य मदद पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी थी, लेकिन सऊदी अरब में हुई वार्ता में वरिष्ठ अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच (रूस-यूक्रेन) लड़ाई को रोकने के तरीके पर प्रगति के बाद मंगलवार को इस रोक को हटा लिया गया.

ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उनका प्रशासन रूस पर संघर्ष विराम के लिए सहमत होने का दबाव बना रहा है लेकिन ”यह रूस पर निर्भर है”. ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बृहस्पतिवार को कहा कि अमेरिकी वार्ताकार रूस से संपर्क में हैं, लेकिन वह संघर्ष विराम प्रस्ताव पर रूस के विचार के बारे में कोई टिप्पणी नहीं करेंगे.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”बातचीत शुरू होने से पहले, जो कि अब शुरू नहीं हुई है, इस बारे में सार्वजनिक रूप से बात करना गलत होगा.” वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि रूस अगले कुछ दिनों में यूक्रेन पर हमले बंद कर देगा.
‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने ‘फॉक्स न्यूज’ को बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज ने बुधवार को अपने रूसी समकक्ष से बात की.

उन्होंने यह भी पुष्टि की कि ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ रूसी अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए मॉस्को जाएंगे, जिसमें संभवत? पुतिन भी शामिल होंगे. अगस्त 2024 में अचानक सीमा पार से किए गए हमले के बाद यूक्रेनी सेना ने रूस के इस क्षेत्र पर कब्जा कर लिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu