दक्षिणी यूक्रेन में रूस के मिसाइल हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Jun 2023 08:55 PM
दक्षिणी यूक्रेन में रूस के मिसाइल हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

कीव. रूस की सेना ने दक्षिणी यूक्रेन के शहर ओदेसा में बुधवार तड़के क्रूज मिसाइल दागीं और पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र में गोलाबारी की जिसमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और दर्जनों मकान क्षतिग्रस्त हो गए. यह जानकारी यूक्रेन के क्षेत्रीय अधिकारियों ने दी.
यूक्रेन की सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि देश के सैनिकों के प्रारंभिक जवाबी कार्रवाई में थोड़ी सफलता मिलने के बाद से रूस ने हवाई हमले तेज कर दिए हैं. वहीं देश के सशस्त्र बलों ने रूसी नियंत्रण वाले यूक्रेन के लगभग 1/5 हिस्से को वापस लेने के लिए जवाबी कार्रवाई के शुरुआती चरणों में सीमित लाभ मिलने की सूचना दी है.

ओदेसा के क्षेत्रीय प्रशासन ने फेसबुक पर बताया कि ओदेसा पर हुए हमले में खाद्य सामग्री के एक गोदाम के तीन कर्मचारी मारे गए और 13 अन्य घायल हो गए. उसने बताया कि साथ ही इसमें शहर के मुख्य हिस्से में मकान, दुकानें और कैफे भी क्षतिग्रस्त हो गए. उसने कहा कि बचाव कर्मी अब भी मलबे के नीचे बचे हुए लोगों की तलाश कर रहे हैं.

प्रशासन ने बताया कि बंदरगाह शहर पर हमले के लिए काला सागर से मिसाइल दागी गईं और इसके तहत चार कलिब्र क्रूज मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से तीन को हवाई सुरक्षा प्रणाली द्वारा बीच में ही नष्ट कर दिया गया. पूर्वी यूक्रेन में, दोनेत्स्क प्रांत के गवर्नर पाव्लो किरीलेंको ने टेलीग्राम पर लिखा कि गोलाबारी में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई क्योंकि इसमें सात मकान नष्ट हो गए और क्रामतोरस्क और कोस्टियानटीनिवका शहरों में दर्जनों अन्य क्षतिग्रस्त हो गए.

यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, कीव की सेना के धीरे-धीरे आगे बढ़ने से डोनेत्स्क में अग्रिम मोर्चे के साथ लगे दस कस्बों और गांवों पर हमला हुआ. राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि एक मिसाइल यूक्रेन नियंत्रित शहर क्रामतोरस्क पर गिरी, जहां कीव की सेना का मुख्यालय है. उसने कहा कि इसमें दो नागरिकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि 29 मकानों को नुकसान पहुंचा. इसने कहा कि कोस्टियानटीनिवका पर रूसी गोलाबारी में एक नागरिक की मौत हो गई और 57 घर क्षतिग्रस्त हो गए.

यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के एक प्रवक्ता एंद्री कोवालोव ने कहा कि कीव की सेना द्वारा अग्रिम पंक्ति से लगे क्षेत्रों में हमले तेज करने के बीच रूसी सेना ने मिसाइल और हवाई हमले बढ़ा दिये हैं. यूक्रेन की सेना ने अपने जवाबी हमले की शुरुआत में कुछ मामूली लाभ होने का दावा किया है.

उन्होंने बताया कि ओडेसा क्षेत्र के अलावा, खार्किव, डोनेत्स्क और किरोवोह्राद क्षेत्रों पर हमलों में केएच-22 क्रूज मिसाइलें, समुद्र से छोड़ी जाने वाली कलिब्र क्रूज मिसाइलें और ईरान निर्मित शहीद ड्रोन शामिल हैं. उन्होंने बताया कि इनमें से नौ को मार गिराया गया.
वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवयी रीह के मेयर ने कहा कि एक दिन पहले एक अपार्टमेंट इमारत पर रूस के हमले से मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है.

यूक्रेन के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह कखोव्का बांध के नष्ट होने के बाद दक्षिणी यूक्रेन के आंशिक रूप से रूसी कब्जे वाले खेरसॉन क्षेत्र के बाढ़ वाले क्षेत्रों से लोगों को निकालना जारी रखा हुआ है. राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि नीपर नदी के यूक्रेन के नियंत्रण वाले पश्चिमी तट पर कुल 28 बस्तियां जलमग्न हैं, और लगभग 2,800 लोगों को अब तक सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है. उसने कहा कि बचाव कार्य रूसी गोलाबारी के बीच हो रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu