यूक्रेन में रूस का सैन्य अभियान जारी रहेगा: पुतिन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 12 Apr 2022 10:16 PM
यूक्रेन में रूस का सैन्य अभियान जारी रहेगा: पुतिन
ऑडियो सुनें

मास्को/कीव. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को कहा कि रूस यूक्रेन में तब तक सैन्य अभियान जारी रखेगा जब तक कि उसका मकसद पूरा नहीं हो जाता. पुतिन ने कहा कि अभियान योजना के मुताबिक चल रहा है. उन्होंने कहा कि यह तेजी से आगे नहीं बढ़ रहा है क्योंकि रूस नुकसान को कम करना चाहता है.

उन्होंने रूस के सुदूर पूर्व में वोस्तोचन अंतरिक्ष प्रक्षेपण केन्द्र की यात्रा के दौरान कहा, ‘‘सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि यह पूरा नहीं हो जाता और निर्धारित लक्ष्यों को हासिल नहीं कर लिया जाता.’’ पुतिन ने दावा किया कि यूक्रेन इस्तांबुल में रूसी वार्ताकारों के साथ बातचीत के दौरान किए गए प्रस्तावों से पीछे हट गया, जिसके परिणामस्वरूप वार्ता में गतिरोध पैदा हो गया और रूस के पास अपने आक्रामक रवैये के साथ आगे बढ़ने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचा.

पश्चिमी अधिकारियों के अनुसार, 24 फरवरी को रूस ने कीव पर कब्जा करने, सरकार को गिराने और मास्को के अनुकूल माहौल स्थापित करने के लक्ष्यों के साथ आक्रमण किया था. छह हफ्तों के बाद, रूस का जमीनी अभियान ठप हो गया और उसकी सेनाओं को नुकसान हुआ. पुतिन ने मंगलवार को जोर देकर कहा कि उनकी सैन्य कार्रवाई का उद्देश्य मास्को सर्मिथत विद्रोहियों द्वारा नियंत्रित पूर्वी यूक्रेन के क्षेत्रों में लोगों की रक्षा करना और ‘‘रूस की अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करना’’ है.

डोनबास में एक रणनीतिक बंदरगाह शहर मारियुपोल में, एक स्टील मिल की रक्षा करने वाली एक यूक्रेनी रेजिमेंट ने दावा किया कि एक ड्रोन ने शहर पर कोई जहरीला पदार्थ गिराया था. हालांकि उसके दावे को स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किया जा सका है. रूसी सेना की ओर से यूक्रेन के दक्षिणी बंदरगाह शहर मारियुपोल में पिछले छह सप्ताह से लगातार किए जा रहे हमलों में अब तक 10 हजार से अधिक नागरिकों की मौत हो चुकी है. मारियुपोल के मेयर वादिम बॉयचेंको ने इस बात का दावा किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu