सक्ती : स्कूल की वैन नदी में गिरी, दो बच्चे घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 23 Oct 2024 07:05 PM
सक्ती : स्कूल की वैन नदी में गिरी, दो बच्चे घायल
ऑडियो सुनें

जांजगीर. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक स्कूल वैन के नदी में गिरने से उसमें सवार दो बच्चे घायल हो गए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के हसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिसौद गांव के करीब एक निजी स्कूल की वैन नदी में गिर गई. इस घटना में दो बच्चे घायल हो गए हैं.

उन्होंने बताया कि गांव के हैप्पी पब्लिक स्कूल के 15 बच्चे सुबह लगभग आठ बजे एक वैन में सवार होकर स्कूल के लिए निकले थे. वैन में नर्सरी से पांचवी कक्षा तक पढ़ने वाले बच्चे सवार थे. इस दौरान वाहन चालक वैन को मुख्य सड़क छोड़कर बैराज में बनी संकरी सड़क पर ले गया और वैन असंतुलित हो कर सोन नदी में बने स्टॉप डेम में गिर गई.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब वहां नहा रहे ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी और वाहन चालक की मदद से बच्चों को बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल भी मौके पर पहुंचा. इस घटना में दो बच्चे घायल हो गए हैं. अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है. अन्य 13 बच्चों को जांच के बाद छुट्टी दे दी गई है. सभी की हालत खतरे से बाहर है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि खबरों के अनुसार, वैन का स्टेयरिंग ठीक तरह से काम नहीं कर रहा था, इसलिए यह घटना हुई. उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav