‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ की अभिनेत्री वैभवी उपाध्याय की सड़क दुर्घटना में मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 May 2023 07:38 PM
‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ की अभिनेत्री वैभवी उपाध्याय की सड़क दुर्घटना में मौत
ऑडियो सुनें

शिमला. लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ की अभिनेत्री वैभवी उपाध्याय की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि कुल्लू के बंजार इलाके में स्थित सिधवान के पास उनका वाहन (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) एक खाई में गिर जाने के बाद सोमवार को उनकी मृत्यु हो गई. एक तीखे मोड़ पर चालक के वाहन पर नियंत्रण खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई.

कुल्लू की पुलिस अधीक्षक (एसपी) साक्षी वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ह्लवैभवी ने खिड़की के जरिये वाहन से बाहर निकलने की कोशिश की और उनके सिर में चोट लग गई, जो घातक साबित हुई. उन्हें बंजार के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.ह्व उन्होंने बताया कि अभिनेत्री का शव पोस्टमॉर्टम के बाद उनके भाई अंकित उपाध्याय को सौंप दिया गया. उनका परिवार चंडीगढ. में रहता है. हादसे में कार चालक बाल-बाल बच गया, उसे मामूली चोटें आई हैं.

पुलिस ने बताया कि तेज गति से और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है. वैभवी 38 साल की थीं. उनका अंतिम संस्कार बुधवार को मुंबई के उपनगर बोरीवली स्थित एक शवदाह गृह में किया गया. ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ के निर्माता जे डी मजीठिया ने कहा, ”वैभवी के माता-पिता, भाई, बहन और उनके मंगेतर सहित परिवार के सदस्यों के अलावा, फिल्म उद्योग के उनके मित्र भी उपस्थित थे.” वैभवी को ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ की ‘जैस्मीन’ के रूप में जाना जाता है.

‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ के कलाकारों सतीश शाह, देवेन भोजानी, रूपाली गांगुली, सुमीत राघवन ने भी सोशल मीडिया पर दिवंगत अभिनेत्री को श्रद्धांजलि दी. ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ में अभिनय करने वाली अभिनेत्री रुपाली गांगुली ने कहा कि वह वैभवी की मृत्यु के बारे में जानकर स्तब्ध है. गांगुली ने कहा, ”जल्द चली गई वैभवी… यकीन नहीं होता.” वैभवी ने दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म ‘छपाक’ तथा टीवी धारावाहिक ”सीआईडी” और ‘अदालत’ में भी अभिनय किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu